चाकंद पुलिस की बड़ी कार्रवाई: देशीन बिगहा में छापेमारी, तीन गाड़ियों से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद
चाकंद थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर देशीन बिगहा गांव के पास एक कैंपस में छापेमारी कर 1035 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की है। मौके से एक पिकअप समेत तीन गाड़ियां जब्त की गई हैं। पुलिस अब वाहन मालिकों और मकान मालिक को चिन्हित कर एफआईआर दर्ज
गया जिले के बेलागंज स्थित चाकंद थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने क्षेत्र के देशीन बिगहा गांव के पास बने एक चहारदीवारी (कैंपस) में छापेमारी कर भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की। इस दौरान पुलिस को देखते ही शराब कारोबारी मौके का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे, लेकिन पुलिस ने उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया।
तीन गाड़ियों से जब्त हुई 1035 लीटर अंग्रेजी शराब
थानाध्यक्ष शिवम कुमार ने बताया कि रात्रि गश्त के दौरान एसआई श्वेता कुमारी को गुप्त सूचना मिली थी कि देशीन बिगहा में भारी मात्रा में शराब छिपाकर रखी गई है। सूचना के सत्यापन के बाद की गई छापेमारी में एक पिकअप और दो चारपहिया वाहनों में लदी विभिन्न ब्रांडों की 1035 लीटर अंग्रेजी शराब जब्त की गई। पुलिस सभी वाहनों को जब्त कर थाने ले आई और जब्ती सूची तैयार की।
वाहन और मकान मालिकों पर दर्ज होगी एफआईआर
बरामदगी के बाद पुलिस अब शराब माफियाओं के नेटवर्क को ध्वस्त करने में जुट गई है। मध्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। थानाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि शराब ढुलाई में इस्तेमाल की जा रही तीनों गाड़ियों के मालिकों और जिस कैंपस में शराब रखी गई थी, उस मकान/प्लाॉट के मालिक को चिन्हित कर उनके खिलाफ नामजद प्राथमिकी (FIR) दर्ज की जा रही है।
थानाध्यक्ष की कार्रवाई से शराब माफियाओं में हड़कंप
पुलिस की इस अचानक और बड़ी कार्रवाई से क्षेत्र के शराब धंधेबाजों और सूखे नशे के कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। वहीं, स्थानीय ग्रामीण चाकंद थानाध्यक्ष शिवम कुमार और पुलिस टीम के इस कड़े रुख की जमकर सराहना कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि नए थानाध्यक्ष के पदभार ग्रहण करने के बाद से ही इलाके में अवैध नशे के कारोबार पर लगाम लगी है।
गयाजी से मनोज कुमार की रिपोर्ट