गया के चाकंद में पति की करतूत से तंग आई पत्नी: देसी कट्टा और 5 कारतूस लेकर पहुंची थाना, की ये मांग

चाकंद थाना क्षेत्र के अमराहा की रहने वाली तमन्ना प्रवीण ने हिम्मत दिखाते हुए अपने पति के अवैध देसी कट्टे और 5 जिंदा कारतूस को पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पीड़ित महिला का आरोप है कि पति मो. वसीम आए दिन उसके साथ मारपीट करता था और हथियार के बल पर जान से

मौका पाते ही पति का हथियार लेकर थाने पहुंची तमन्ना प्रवीण, पुलिस से बोली- 'बचा लीजिए साहब'- फोटो : Reporter

बिहार के गया जिले के बेलागंज स्थित चाकंद थाने में शनिवार को एक अनोखा और चौंकाने वाला मामला सामने आया। एक महिला खुद अपने हाथ में एक देसी पिस्तौल और पांच जिंदा कारतूस लेकर थाने पहुंच गई। महिला ने पुलिस को हथियार सुपुर्द करते हुए आपबीती सुनाई और अपने पति पर गंभीर आरोप लगाए।

मारपीट और हथियार से जान से मारने की धमकी

थानाध्यक्ष शिवम कुमार ने बताया कि अमराहा गांव निवासी पीड़िता तमन्ना प्रवीण का आरोप है कि उसका पति मो. वसीम आए दिन उसके साथ मारपीट करता है। इतना ही नहीं, वह घर में रखे अवैध हथियार के बल पर उसे जान से मारने की लगातार धमकियां देता रहता था। पति के इस हिंसक व्यवहार से महिला बेहद तंग और सहमी हुई थी।


मौका पाकर हथियार लेकर पुलिस के पास पहुंची पीड़िता

शनिवार को जब आरोपी पति घर पर मौजूद नहीं था, तो महिला ने हिम्मत जुटाई और मौके का फायदा उठाया। उसने घर में छिपाकर रखा गया हथियार और कारतूस अपने कब्जे में लिया और सीधे थाने पहुंचकर पुलिस को सौंप दिया। पीड़ित महिला ने पुलिस से अपनी सुरक्षा की गुहार लगाते हुए आरोपी पति पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।


आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज, आरोपी की तलाश शुरू

थानाध्यक्ष शिवम कुमार ने बताया कि पीड़ित महिला की शिकायत और सौंपे गए हथियार के आधार पर आरोपी पति मो. वसीम के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित कई अन्य गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने पीड़िता को सुरक्षा का भरोसा दिया है और फरार आरोपी पति की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है।

गयाजी से मनोज कुमार की रिपोर्ट