Gaya College Girls Hostel: 'सड़ी सब्जियां और खराब खाना'... गया कॉलेज हॉस्टल में छात्राओं का फूटा गुस्सा

Gaya College Girls Hostel: गया कॉलेज के गर्ल्स हॉस्टल में खराब खाना और बुनियादी सुविधाओं की कमी से नाराज छात्राएं धरने पर बैठ गईं। छात्राओं ने सड़ी सब्जियां, खराब भोजन, बंद वाई-फाई और सीसीटीवी को लेकर गंभीर आरोप लगाए।

Gaya College Girls Hostel: गया कॉलेज के गर्ल्स हॉस्टल में रहने वाली छात्राओं का गुस्सा एक बार फिर फूट पड़ा है। खराब खाने और बुनियादी सुविधाओं की कमी से नाराज छात्राएं अपनी मांगों को लेकर कॉलेज परिसर में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के पास धरने पर बैठ गई हैं। उनका कहना है कि लंबे समय से शिकायत करने के बावजूद उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया है।

छात्राओं का आरोप है कि हॉस्टल में खाने की व्यवस्था बेहद खराब है। उनका कहना है कि नाली के पास भात परोसा जाता है और खाने में सड़ी-गली सब्जियां इस्तेमाल की जाती हैं। हॉस्टल में रहने वाली छात्रा ट्विंकल रक्षिता ने कॉलेज प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पिछले दो-तीन महीनों से लगातार खराब खाना दिया जा रहा है और हॉस्टल में गंदगी की समस्या बनी हुई है।

रोटियों में कीड़े और बाल मिलते हैं-छात्रा

ट्विंकल रक्षिता ने बताया कि रोटियों में कीड़े और बाल मिलते हैं। वहीं, सब्जी में लाल मिर्च के अलावा कुछ नहीं होता। उन्होंने कहा कि हॉस्टल का वाई-फाई कई महीनों से बंद पड़ा है और सुरक्षा के लिए लगाए गए सीसीटीवी कैमरे भी काम नहीं कर रहे हैं। उनका दावा है कि छात्राओं के पास सड़ी हुई सब्जियों के वीडियो भी मौजूद हैं।

अधिकारी निरीक्षण करने आते है तो क्या होता है? 

छात्राओं का आरोप है कि जब भी अधिकारी निरीक्षण करने आते हैं, उससे पहले कैमरे बंद कर दिए जाते हैं और अपनी सुविधा के अनुसार काम किया जाता है। उनका कहना है कि पूरे सिस्टम में पारदर्शिता की कमी है। ट्विंकल रक्षिता ने यह भी आरोप लगाया कि हॉस्टल में पूरी तरह पुरुषवादी सोच हावी है और लड़कियों की शिकायतों को गंभीरता से नहीं लिया जाता। उन्होंने बताया कि पिछले महीने भी छात्राओं ने अपनी समस्याओं को लेकर विरोध जताया था। उस समय प्रशासन ने जल्द समाधान का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। छात्राओं का कहना है कि जब तक उनकी सभी समस्याओं का समाधान नहीं होगा, तब तक उनका धरना जारी रहेगा।

गया कॉलेज के प्राचार्य ने क्या कहा?

गया कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सतीश चंद्र ने छात्राओं की शिकायतों को सही माना है। उन्होंने कहा कि नया कुक नहीं मिलने की वजह से खाने की व्यवस्था में कुछ लापरवाही हुई है। उन्होंने बताया कि समस्या के समाधान के लिए पांच सदस्यों की एक समिति बनाई गई है। प्राचार्य ने यह भी कहा कि हॉस्टल की पुरानी इमारत और बजट की कमी के कारण सुधार कार्य में समय लग रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि छात्राओं के खाने और अन्य सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का जल्द समाधान किया जाएगा, ताकि उन्हें किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

गया रिपोर्ट मनोज कुमार