Gaya Road Accident: गया फोरलेन पर मौत की आग, ट्रक से भीषण टक्कर के बाद धधकी कार, दो लोग जिंदा जले, चालक की हालत गंभीर

Gaya Road Accident: गया जिले में डोभी–पटना फोरलेन पर दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया।...

दो लोग जिंदा जले- फोटो : reporter

Gaya Road Accident: गया जिले में डोभी-पटना फोरलेन पर बुधवार देर रात दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। बोधगया थाना क्षेत्र के सिजुआ गांव के पास तेज रफ्तार कार और एक ट्रक की भीषण भिड़ंत के बाद ऐसा आग का गोला बना कि कार में सवार दो लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से झुलस गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार का माहौल बन गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, खाद से लदा दस चक्का ट्रक सर्विस लेन से गलत दिशा में फोरलेन पर चढ़ रहा था। उसी दौरान डोभी से पटना की ओर तेज गति से आ रही कार अनियंत्रित होकर ट्रक के दाहिनी ओर बने डीजल टैंक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि डीजल टैंक फट गया और चंद सेकेंड में दोनों वाहनों में आग भड़क उठी।

देखते ही देखते आग की लपटों ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। कार में फंसे दो लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला और उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। गंभीर रूप से झुलसे चालक को पुलिस ने तत्काल बाहर निकालकर मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

हादसे के तुरंत बाद ट्रक चालक और खलासी वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। आग इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह जलकर राख हो गई, जबकि ट्रक का बड़ा हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस को जली हुई कार से कुछ खाली शराब की बोतलें भी मिली हैं। हालांकि, इनका हादसे से कोई संबंध है या नहीं, इसकी जांच की जा रही है।

सूचना मिलते ही अपर थानाध्यक्ष अरविंद कुमार सिंह और एएसआई नीरज कुमार सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। गुरुवार सुबह जेसीबी और क्रेन की मदद से जले हुए वाहनों को हटाकर फोरलेन पर यातायात सामान्य कराया गया।पुलिस के अनुसार, मृतकों और घायल चालक की अब तक पहचान नहीं हो सकी है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पहचान की कोशिश जारी है। साथ ही फरार ट्रक चालक और खलासी की तलाश में छापेमारी की जा रही है। पुलिस पूरे हादसे के कारणों की हर पहलू से जांच कर रही है।

रिपोर्ट- प्रेमशंकर