ओडिशा से बिहार तक तस्करी का पर्दाफाश: गया जंक्शन पर महिला तस्कर 6.37 लाख के गांजे के साथ दबोची गई
ओडिशा से बिहार आ रही ट्रेन में आरपीएफ और जीआरपी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 22 साल की महिला को 12.75 किलो गांजे के साथ दबोचा। बरामद गांजे की कीमत 6 लाख से अधिक है।
नशे के काले कारोबार में महिलाओं की बढ़ती संलिप्तता का एक और मामला सामने आया है। गया जंक्शन पर आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 22 वर्षीय एक महिला को भारी मात्रा में गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला के पास से 12 किलो 756 ग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 6 लाख 37 हजार 800 रुपये आंकी गई है।
खुफिया सूचना पर आरपीएफ और जीआरपी की घेराबंदी
धनबाद से शकूरबस्ती जाने वाली एक्सप्रेस ट्रेन में मादक पदार्थों की तस्करी की जा रही थी। रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रही आरपीएफ को इस बात की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही आरपीएफ, जीआरपी और अपराध आसूचना शाखा की संयुक्त टीम ने तुरंत एक्शन लेते हुए गया जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर ट्रेन के पहुंचते ही उसकी कड़ी घेराबंदी कर ली।
जनरल कोच में तलाशी के दौरान हुआ खुलासा
घेराबंदी के बाद सुरक्षा बलों ने ट्रेन के आगे वाले जनरल कोच में सफर कर रही 22 वर्षीय संदिग्ध महिला, छोटी कुमारी को नीचे उतारा और उसके सामान की तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास रखे एक बड़े झोले से गांजे के 12 पैकेट बरामद किए गए। तौलने पर उनका कुल वजन 12 किलो 756 ग्राम पाया गया, जिसे देखकर सुरक्षा कर्मी भी हैरान रह गए।
ओडिशा से बिहार तक फैला था तस्करी का नेटवर्क
गिरफ्तार महिला रोहतास जिले के करगहर थाना क्षेत्र के सोनाडीह गांव की रहने वाली है। प्रारंभिक पूछताछ में उसने खुलासा किया कि वह महज कुछ पैसों के लालच में ओडिशा के संबलपुर से गांजा लेकर बिहार के सासाराम जा रही थी। फिलहाल, आरपीएफ ने सारा गांजा जब्त कर महिला को जीआरपी थाना गया के सुपुर्द कर दिया है, जहां एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।