Bihar News : कैमूर में दर्दनाक हादसा: ट्रांसफार्मर के पास घास काट रही महिला की करंट लगने से मौत, गांव में पसरा मातम
Bihar News :कैमूर में घास काटने के दौरान बिजली की चपेट में आने से करीब 40 वर्षीय किरण देवी की मौके पर ही मौत हो गई।
KAIMUR : जिले के भभुआ थाना क्षेत्र के रतवार पंचायत अंतर्गत शिवपुर गांव में बिजली करंट की चपेट में आने से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। मृतका की पहचान शिवपुर गांव निवासी मोहन राम की पत्नी किरण देवी, उम्र लगभग 40 वर्ष के रूप में की गई है। इस अचानक हुए हादसे के बाद से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया है।
जानकारी के अनुसार, किरण देवी रोजमर्रा की तरह गांव के बाहर घास काटने के लिए गई थीं। जिस स्थान पर वह घास काट रही थीं, वहीं पास में एक बिजली का ट्रांसफार्मर लगा हुआ है। घास काटने के दौरान अचानक वह ट्रांसफार्मर के नीचे मौजूद बिजली के तार की चपेट में आ गईं। करंट इतना तेज था कि उन्हें संभलने तक का मौका नहीं मिला और वह मौके पर ही अचेत होकर गिर पड़ीं।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों के शोर मचाने पर परिजन और ग्रामीण तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां जांच के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही रतवार पंचायत के मुखिया मोतीलाल पाल भी अस्पताल पहुंचे और पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया। अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल दिखा।
मुखिया मोतीलाल पाल ने बताया कि मृतका किरण देवी शिवपुर गांव की रहने वाली थीं और ट्रांसफार्मर के नीचे तार से करंट लगने के कारण यह हादसा हुआ है। उन्होंने कहा कि घटना की जानकारी फोन के माध्यम से स्थानीय प्रशासन को दे दी गई है। प्रशासनिक अधिकारियों के पहुंचने के बाद कागजी कार्रवाई व पोस्टमार्टम की आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इधर, अस्पताल परिसर में ग्रामीणों की भारी भीड़ जुटी रही। स्थानीय लोगों ने ट्रांसफार्मर के आसपास सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने और पीड़ित परिवार को उचित सरकारी मुआवजा दिलाने की मांग प्रशासन से की है। इस संबंध में मोहनिया थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने शनिवार की दोपहर फोन पर बताया कि एक महिला की मौत हुई थी, शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भभुआ भेज दिया गया और आगे की कार्यवाई की जा रही है।
देवब्रत की रिपोर्ट