Bihar News: तिरुपति में गया के मजदूर की मौत, पेट पर टांके देख परिजनों ने उठाए सवाल, किडनी निकालने का लगाया आरोप

Bihar News:गया के रहने वाले रवि कुमार की आंध्र प्रदेश के तिरुपति में मौत के बाद सनसनीखेज आरोप सामने आया है। परिजनों ने किडनी निकालने का आरोप लगाया है......पढ़िए आगे

किडनी निकालने का आरोप- फोटो : MANOJ

GAYAJI : गया जिले के इमामगंज थाना क्षेत्र के सिद्धपुर शमसाबाद गांव निवासी मजदूर रवि कुमार की आंध्र प्रदेश के तिरुपति में मौत के बाद सनसनीखेज आरोप सामने आया है। परिजनों ने ठेकेदार पर रवि की किडनी निकालकर बेचने का गंभीर आरोप लगाया है। हालांकि, इस आरोप की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। मौत की असली वजह और पेट पर लगे टांकों की स्थिति मेडिकल रिकॉर्ड, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आधिकारिक जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

बताया गया कि रवि कुमार मजदूरी करने के लिए आंध्र प्रदेश गए थे और वहां टाइल्स लगाने का काम करते थे। मौत के बाद उनका शव पिछले तीन दिनों से तिरुपति के रामनारायण रुइया गवर्नमेंट जनरल हॉस्पिटल में रखा हुआ है। शव गांव नहीं पहुंचने के कारण परिजन परेशान हैं और परिवार में मातम पसरा हुआ है।परिजनों के अनुसार, इमामगंज थाना क्षेत्र के रानीगंज निवासी ठेकेदार अकबर अली की ओर से अस्पताल से रवि के शव का एक वीडियो भेजा गया। वीडियो में रवि के पेट पर टांके दिखाई दे रहे हैं। इसी को देखकर परिवार के लोगों ने किडनी निकाले जाने की आशंका जताई और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। यह अभी स्पष्ट नहीं है कि टांके किस चिकित्सकीय प्रक्रिया के कारण लगाए गए थे।

रवि पांच भाइयों में सबसे छोटे थे। परिजनों के मुताबिक उनके चार बड़े भाई मानसिक रूप से कमजोर हैं और होटल-ढाबे में काम कर किसी तरह परिवार का गुजारा करते हैं। ऐसे में रवि परिवार के लिए अहम सहारा थे। उनकी मौत के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट भी गहरा गया है।परिजनों ने केंद्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री जीतन राम मांझी से हस्तक्षेप कर रवि का शव जल्द गांव लाने में मदद की गुहार लगाई है। जीतन राम मांझी वर्तमान में केंद्रीय MSME मंत्री हैं।

अब पूरे मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट, अस्पताल के मेडिकल रिकॉर्ड और चिकित्सकीय जांच से यह स्पष्ट होने की उम्मीद है कि रवि कुमार की मौत किन परिस्थितियों में हुई और उनके पेट पर टांके लगाए जाने की वास्तविक वजह क्या थी।

रिपोर्ट- मनोज कुमार