Gaya Police News: गया में गांधी नगर जमीन विवाद में एसएसपी की बड़ी कार्रवाई, ADG की खबरों को किया खारिज

Gaya Police News: गया के बालदेव नगर जमीन विवाद मामले में पुलिस ने रिटायर्ड ADG से जुड़ी खबरों को भ्रामक बताया है। पुलिस के अनुसार, संबंधित व्यक्ति पूर्व ADJ हैं और मामले में दो आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं।

Gaya Police News: बिहार के गया जिले में जमीन विवाद को लेकर हुई मारपीट और तोड़फोड़ के मामले में सोशल मीडिया पर चल रही खबरों को गया पुलिस ने भ्रामक बताया है। पुलिस के मुताबिक, इस मामले में जिस व्यक्ति को बिहार पुलिस का रिटायर्ड ADG बताया जा रहा है, वह वास्तव में सेवानिवृत्त अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश (ADJ) हैं। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।


बालदेव नगर में जमीन विवाद को लेकर हुआ हंगामा


गया के वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से 26 अक्टूबर 2026 को जारी बयान के अनुसार, 24 अक्टूबर को सुबह करीब 11 बजे चंदौती थाना क्षेत्र के बालदेव नगर में जमीन को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया। पुलिस के अनुसार, उसी दिन दोपहर करीब 2 बजे फिर सूचना मिली कि 40 से 50 लोग विवादित जमीन पर पहुंच गए हैं। वहां चारदीवारी निर्माण रोकने के साथ तोड़फोड़ किए जाने की जानकारी मिली। शिकायत में गोलीबारी और बमबारी का भी आरोप लगाया गया।


CCTV में पत्थर फेंकने और तोड़फोड़ की बात आई सामने


गया पुलिस के अनुसार, घटनास्थल पर लगे CCTV कैमरों की जांच में 40 से 50 लोगों को पत्थर फेंकते और वहां रखी कुर्सियों व मेजों को तोड़ते हुए देखा गया। पुलिस को घटनास्थल पर दो सुतली बम भी मिले, जिन्हें बम निरोधक दस्ते ने निष्क्रिय कर दिया। इस मामले में शिकायतकर्ता के लिखित आवेदन के आधार पर चंदौती थाने में कांड संख्या 451/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS), आर्म्स एक्ट और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।


पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार


मामले की गंभीरता को देखते हुए गया के वरीय पुलिस अधीक्षक ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष छापेमारी दल (SIT) का गठन किया। पुलिस के अनुसार, कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रवि कुमार, उम्र करीब 28 वर्ष, निवासी कटारी, चंदौती थाना क्षेत्र और अनुज कुमार, उम्र करीब 19 वर्ष, निवासी कटारी न्यू देवी स्थान, चंदौती थाना क्षेत्र के रूप में हुई है। पुलिस अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी छापेमारी कर रही है।


रिटायर्ड ADG को लेकर चल रही खबरों का पुलिस ने किया खंडन


गया पुलिस ने अपने बयान में कहा कि सोशल मीडिया और कुछ मीडिया चैनलों पर यह दावा किया जा रहा है कि बिहार पुलिस के एक सेवानिवृत्त ADG और उनके बेटे ने जमीन पर कब्जा करने के लिए लोगों का समूह तैयार किया था और मारपीट व बमबारी की थी।पुलिस ने इस दावे का खंडन करते हुए स्पष्ट किया कि संबंधित व्यक्ति बिहार पुलिस के सेवानिवृत्त ADG नहीं, बल्कि सेवानिवृत्त अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश (ADJ) हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे इस मामले में बिना पुष्टि के खबरों पर भरोसा न करें। पुलिस के मुताबिक, मामले में आगे की जांच और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है।

ब्यूरो की रिपोर्ट