Pitru Paksha Mela: एक क्लिक पर मिलेगी पिंडदान से लेकर होटल-ट्रेन और इमरजेंसी तक की जानकारी, गया प्रशासन ने लॉन्च किया डिजिटल प्लेटफॉर्म
Pitru Paksha Mela: पितृपक्ष मेला 2026 में देश-विदेश से गया जी पहुंचने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जिला प्रशासन ने पिंडदान गया जी डिजिटल मंच और मोबाइल एप तैयार किया है।...
Pitru Paksha Mela: पितृपक्ष मेला 2026 में देश-विदेश से गया जी पहुंचने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जिला प्रशासन ने ‘पिंडदान गया जी’ (Pinddaan Gaya Ji) डिजिटल मंच और मोबाइल एप तैयार किया है। इसके जरिए तीर्थयात्रियों को पिंडदान, वेदियों, पंडा जी, आवासन, परिवहन, स्वास्थ्य, सुरक्षा और आपातकालीन सेवाओं से जुड़ी आधिकारिक जानकारी एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होगी। श्रद्धालु वेबसाइट pinddaangaya.bihar.gov.in और Google Play Store पर उपलब्ध ‘Pind Daan Gaya Ji’ एप के जरिए मेला क्षेत्र की जरूरी जानकारी हासिल कर सकेंगे।
डिजिटल मंच पर तीर्थयात्रियों के लिए पिंडदान एवं धार्मिक अनुष्ठानों से जुड़ी जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी। विभिन्न वेदियों, पंडा जी और दैनिक अनुष्ठानों की जानकारी मिलने से श्रद्धालु गया आने से पहले अपनी धार्मिक यात्रा की बेहतर तैयारी कर सकेंगे। वेबसाइट के जरिए ऑनलाइन पंजीकरण की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।
आवासन की तलाश में भी आसानी होगी। टेंट सिटी, सरकारी आवासन, होटल और अतिथि गृहों से जुड़ी उपलब्ध जानकारी, क्षमता, कमरे और संपर्क विवरण डिजिटल मंच पर देखे जा सकेंगे। वहीं रेलवे समय-सारणी, हवाई यात्रा, परिवहन, पार्किंग और किराया सूची की जानकारी भी एक ही जगह उपलब्ध होगी।
सुरक्षा के लिहाज से वेबसाइट और एप पर पुलिस संपर्क, अस्पताल, एम्बुलेंस, स्वास्थ्य शिविर, पुलिस कैंप और हेल्पलाइन की जानकारी दी गई है। मोबाइल एप में पुलिस, अस्पताल, एम्बुलेंस और हेल्पलाइन के लिए त्वरित आपातकालीन कॉल की सुविधा भी रहेगी। बड़ी भीड़ को देखते हुए खोया-पाया सेवा को भी डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ा गया है।
मेला क्षेत्र में शौचालय, वॉशरूम, पेयजल केंद्र, पार्किंग स्थल, स्वास्थ्य शिविर और पुलिस कैंप की लोकेशन तथा वहां पहुंचने के दिशा-निर्देश भी मिलेंगे। वेबसाइट पर एकीकृत तीर्थयात्री सहायता चैटबॉट के जरिए आवासन, आपातकालीन संपर्क और विभिन्न सेवाओं की जानकारी हासिल की जा सकेगी।
इस बार बहुभाषीय सुविधा पर भी विशेष जोर दिया गया है। जिला प्रशासन के अनुसार पहली बार एआई फीचर के साथ Google Translator की सुविधा उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। ‘मे आई हेल्प यू’ काउंटरों पर Google Translator डिवाइस के जरिए अलग-अलग भाषाएं बोलने वाले श्रद्धालुओं को उनकी भाषा में सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
इसके अलावा मेला अवधि की नवीनतम प्रशासनिक सूचनाएं, घोषणाएं, समाचार और जनहित से जुड़ी जानकारी भी डिजिटल मंच पर अपडेट की जाएगी। श्रद्धालु ऑनलाइन फीडबैक और शिकायत भी दर्ज करा सकेंगे।
जिला प्रशासन का कहना है कि इस डिजिटल पहल का उद्देश्य पितृपक्ष मेला के दौरान श्रद्धालुओं को सही समय पर सही और आधिकारिक जानकारी उपलब्ध कराना है, ताकि गया जी की यात्रा अधिक सुगम, सुरक्षित और सुव्यवस्थित हो सके। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से गया आने से पहले वेबसाइट और मोबाइल एप का इस्तेमाल कर आवश्यक जानकारी प्राप्त करने की अपील की है।
रिपोर्ट मनोज कुमार