होली के रंग में डूबा प्यार: प्रेमिका से मिलने पहुंचे प्रेमी को ग्रामीणों ने पकड़ा, मंदिर में करा दी चट मंगनी पट ब्याह

होली के रंग में डूबी एक अनोखी प्रेम कहानी का सुखद अंत देखने को मिला। अपनी प्रेमिका से चुपके से होली खेलने पहुंचे एक युवक को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। हंगामे के बजाय, सामाजिक रजामंदी दिखाते हुए ग्रामीणों ने गांव के मंदिर में ही दोनों की धूमधाम से शादी

Gayaji : बिहार के गया जिले से एक फिल्मी और दिलचस्प मामला सामने आया है। इमामगंज प्रखंड के एक गांव में होली के दिन अपनी प्रेमिका से मिलने और गुलाल लगाने पहुंचे एक युवक को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। विरोध या विवाद के बजाय, गांव वालों ने आपसी सहमति से दोनों को मंदिर ले जाकर सात फेरे दिलवा दिए।

होली की मस्ती के बीच 'पकड़उआ विवाह' जैसा नजारा

गया जिले के इमामगंज प्रखंड अंतर्गत केंदुआ गांव में होली के दिन उस वक्त हलचल मच गई, जब ग्रामीणों को गांव की एक लड़की के साथ बाहरी युवक के होने की भनक लगी। युवक चुपके से अपनी प्रेमिका के साथ होली खेलने उसके घर पहुंचा था। परिजनों को इसकी जानकारी होते ही उन्होंने दोनों को रंगे हाथों पकड़ लिया, जिसके बाद पूरे गांव की भीड़ वहां जमा हो गई।

दो साल पुराने प्रेम प्रसंग का हुआ खुलासा

पकड़े गए युवक की पहचान पथरा गांव निवासी सतीश पासवान (पिता स्वर्गीय शंकर पासवान) के रूप में हुई है। वहीं, युवती केंदुआ गांव की हेमंती कुमारी (पिता वली पासवान) है। पूछताछ के दौरान यह बात सामने आई कि दोनों के बीच पिछले दो वर्षों से गहरा प्रेम प्रसंग चल रहा था और वे अक्सर एक-दूसरे से मिलते थे। दोनों शादी करने के इच्छुक भी थे, लेकिन मौका होली के त्योहार ने दे दिया।

पंचायत के बाद ग्रामीणों ने मंदिर में कराई शादी

मामला सामने आने के बाद गांव में काफी देर तक गहमागहमी रही। किसी अप्रिय घटना या विवाद के बजाय, ग्रामीणों और परिजनों ने एक सकारात्मक रास्ता चुना। सबकी मौजूदगी में यह फैसला लिया गया कि दोनों को जीवनसाथी बना दिया जाए। इसके बाद गांव के ही मंदिर में विधि-विधान और मंत्रोच्चार के साथ सतीश और हेमंती की शादी संपन्न करा दी गई।

लड़के के परिजनों को दी गई सूचना

शादी की रस्मों के बाद लड़की के परिवार ने सतीश के घर वालों को पूरी घटना की आधिकारिक जानकारी दे दी है। हालांकि, रिपोर्ट लिखे जाने तक लड़के के परिजन केंदुआ गांव नहीं पहुंचे थे, लेकिन गांव में शांति बनी हुई है। ग्रामीण इस विवाह को एक सामाजिक जिम्मेदारी और प्रेम कहानी के सुखद अंत के रूप में देख रहे हैं।

इलाके में चर्चा का विषय बनी अनोखी शादी

होली के दिन हुई इस शादी की खबर पूरे इमामगंज इलाके में आग की तरह फैल गई। लोग इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं। कई लोगों का कहना है कि जहां अक्सर ऐसे मामलों में मारपीट होती है, वहीं केंदुआ के ग्रामीणों ने शादी कराकर एक मिसाल पेश की है। अब यह अनोखी शादी सोशल मीडिया पर भी चर्चा बटोर रही है।


रिपोर्ट: मनोज कुमार, गया