Gaya rape case: गया में नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तारी, मां की शिकायत पर दर्ज हुआ केस
Gaya rape case: गया के पचानपुर थाना क्षेत्र में नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप में पुलिस ने नीरज कुमार को गिरफ्तार किया है। पीड़िता की मां की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू की गई है।
Gaya rape case: गया जिले के पचानपुर थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़की से दुष्कर्म के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, पीड़िता की मां की शिकायत पर मामला दर्ज करने के बाद आरोपी के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की गई।
सामान लेने गई थी नाबालिग
पुलिस को दिए आवेदन में पीड़िता की मां ने आरोप लगाया कि उनकी नाबालिग बेटी 10 अगस्त 2026 को पचानपुर बाजार सामान लेने गई थी। आरोप है कि इसी दौरान नामजद आरोपी नीरज कुमार उसे अपनी दुकान के पास की गली से घर ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। शिकायत मिलने के बाद पचानपुर थाना में कांड संख्या 141/26 दर्ज किया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी।
आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मामले में नामजद आरोपी नीरज कुमार, पिता रामप्रवेश गोस्वामी को गिरफ्तार कर लिया है। वह पचानपुर थाना क्षेत्र का रहने वाला बताया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सबूतों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
वैज्ञानिक तरीके से होगी जांच
गया पुलिस के मुताबिक, मामले में वैज्ञानिक तरीके से जांच की जा रही है। पुलिस ने कहा है कि जांच पूरी होने के बाद जल्द आरोप पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया की जाएगी। पुलिस ने यह भी कहा कि महिला और बच्चों की सुरक्षा से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई की जा रही है। आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद आगे की प्रक्रिया कानून के अनुसार होगी।
रिपोर्ट गया मनोज कुमार