Gaya Pitru Paksha Mela: पितृपक्ष मेले के दूसरे दिन विष्णुपद पहुंचे DM, व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को दिए निर्देश

Gaya Pitru Paksha Mela: पितृपक्ष मेला 2026 के दूसरे दिन गया DM शशांक शुभंकर ने विष्णुपद क्षेत्र में करीब तीन घंटे तक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। भीड़, सफाई, सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधा पर दिए निर्देश।

Gaya Pitru Paksha Mela:  गया पितृपक्ष मेला 2026 के दूसरे दिन विष्णुपद मंदिर और आसपास के घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। देश के अलग-अलग राज्यों से आए पिंडदानी अपने पूर्वजों के लिए पिंडदान और तर्पण करने विष्णुपद क्षेत्र पहुंचे। बढ़ती भीड़ को देखते हुए गया के जिला पदाधिकारी शशांक शुभंकर खुद विष्णुपद क्षेत्र पहुंचे और करीब तीन घंटे तक इलाके में घूमकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।


पैदल घूमकर देखी भीड़ और कतार की व्यवस्था


जिला पदाधिकारी ने विष्णुपद मंदिर, घाट और श्रद्धालुओं के आने-जाने वाले रास्तों का पैदल निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने भीड़ नियंत्रण, कतार व्यवस्था, साफ-सफाई, श्रद्धालुओं की आवाजाही और स्वयंसेवकों की तैनाती को देखा। भीड़ को व्यवस्थित रखने के लिए डीएम खुद श्रद्धालुओं के बीच पहुंचे और लोगों को कतार में लगवाते नजर आए। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया कि किसी भी स्थिति में भीड़ को बेकाबू नहीं होने दिया जाए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को तय कतार के जरिए सुरक्षित और आसानी से मंदिर और घाट तक पहुंचाने की व्यवस्था लगातार बनी रहनी चाहिए।


NCC और स्काउट गाइड के बच्चों की तारीफ


विष्णुपद क्षेत्र में NCC और स्काउट गाइड के बच्चे श्रद्धालुओं की मदद में जुटे रहे। बच्चे लोगों को कतार में लगाने, सही रास्ता बताने और जरूरत के अनुसार सहायता करने का काम कर रहे थे। डीएम ने बच्चों के काम को देखा और उनकी सेवा भावना की तारीफ की। उन्होंने कहा कि जिस अनुशासन और समर्पण के साथ बच्चे श्रद्धालुओं की मदद कर रहे हैं, वह सराहनीय है। उन्होंने बच्चों से खास तौर पर बुजुर्गों, महिलाओं और जरूरतमंद श्रद्धालुओं की मदद करने को कहा।


व्हीलचेयर से बुजुर्गों को पहुंचाया जा रहा मंदिर और घाट


विष्णुपद क्षेत्र में कुछ स्वयंसेवी युवा और बच्चे बुजुर्ग व असहाय श्रद्धालुओं को व्हीलचेयर से मंदिर और घाट तक पहुंचाने में मदद कर रहे हैं। इससे बुजुर्गों और चलने में परेशानी वाले लोगों को पिंडदान और दर्शन में सुविधा मिल रही है। जिला पदाधिकारी ने इस सेवा कार्य की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि पितृपक्ष मेला धार्मिक आयोजन के साथ सेवा और सहयोग की भावना का भी उदाहरण है। उन्होंने स्वयंसेवकों से इसी तरह श्रद्धालुओं की मदद जारी रखने को कहा।


सफाई व्यवस्था पर नगर आयुक्त को निर्देश


डीएम ने विष्णुपद क्षेत्र और घाटों की सफाई व्यवस्था का भी जायजा लिया। उन्होंने नगर आयुक्त को निर्देश दिया कि मेला क्षेत्र में कहीं भी गंदगी जमा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए लगातार सफाई कराई जाए। विष्णुपद क्षेत्र, घाटों, आने-जाने वाले रास्तों और भीड़ वाले स्थानों पर सफाई कर्मियों की लगातार तैनाती रखी जाए। जरूरत पड़ने पर तुरंत सफाई कराने और कचरा जमा नहीं होने देने के भी निर्देश दिए गए। डीएम ने मेला क्षेत्र में लगातार सफाई कर रहे नगर निगम के कर्मचारियों के काम की भी सराहना की।


श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा पर जोर


जिला पदाधिकारी ने अधिकारियों और कर्मचारियों को साफ निर्देश दिया कि पितृपक्ष मेला के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सबसे पहली प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि भीड़ बढ़ने पर अतिरिक्त सतर्कता बरती जाए और कतार व्यवस्था को मजबूत रखा जाए, ताकि श्रद्धालुओं को अनावश्यक परेशानी न हो। सभी व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करने का भी निर्देश दिया गया। डीएम ने कहा कि पितृपक्ष मेला में देश के अलग-अलग हिस्सों से लोग गया पहुंचते हैं।

प्रशासन का प्रयास है कि सभी तीर्थयात्रियों को सुरक्षित, साफ और व्यवस्थित माहौल मिले। इसके लिए जिला प्रशासन, नगर निगम, पुलिस, स्वयंसेवी संगठन, NCC, स्काउट गाइड और अन्य विभाग मिलकर काम कर रहे हैं। निरीक्षण के दौरान डीएम ने मौके पर मौजूद अधिकारियों, पुलिसकर्मियों, स्वयंसेवकों और अन्य कर्मचारियों को पूरी जिम्मेदारी और सेवा भावना के साथ काम करने का निर्देश दिया।

Bikramadity Reporter