Bihar News : गया पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ चलाया विशेष अभियान, शराब व वाहनों के साथ 7 तस्करों को किया गिरफ्तार

Bihar News : गया जिले में चलाए गए विशेष छापेमारी अभियान के दौरान पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों से कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है.....पढ़िए आगे

शराब तस्कर गिरफ्तार - फोटो : SOCIAL MEDIA

GAYAJI : गया जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अलग-अलग थाना क्षेत्रों से कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर 20 नवंबर 2026 को चलाए गए विशेष छापेमारी अभियान के दौरान पुलिस को यह सफलता मिली।

इस कार्रवाई में पुलिस ने 252.375 लीटर विदेशी शराब और 14 लीटर देसी महुआ शराब बरामद की है। इसके साथ ही तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक कार, दो मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, नीमचक बथानी थाना पुलिस ने एक आरोपी को दबोचा, जबकि सोहैल थाना पुलिस ने दो, परैया थाना पुलिस ने एक और मुफस्सिल थाना पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद संशोधित अधिनियम 2022 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। गया पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, भंडारण, परिवहन और सेवन के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा। पुलिस की इस सख्त कार्रवाई के बाद से जिले के शराब तस्करों और अवैध कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।

वहीँ गया जिले में अवैध खनन और बालू-मिट्टी के अवैध परिवहन के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष छापेमारी अभियान के दौरान पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही चार बालू लदे ट्रैक्टर और एक मिट्टी लदा ट्रैक्टर जब्त किया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 20 नवंबर को सरबहदा थाना क्षेत्र में अवैध रूप से बालू और मिट्टी का परिवहन किए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस ने छापेमारी कर तीन बालू लदे ट्रैक्टर और एक मिट्टी लदे ट्रैक्टर के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। वहीं, गुरुआ थाना क्षेत्र में भी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो बालू लदे ट्रैक्टर बरामद किए हैं।

इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुकरसील थाना क्षेत्र के बहादुरपुर निवासी सुचित मांझी और बेलागंज थाना क्षेत्र के श्रीपुर निवासी गोपाल मांझी के रूप में हुई है। इसके अलावा एक विधि विरुद्ध बालक को भी निरुद्ध किया गया है। पुलिस ने कुल चार बालू लदे ट्रैक्टर और एक मिट्टी लदे ट्रैक्टर जब्त किए हैं। संबंधित थानों में कांड दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। गया पुलिस का कहना है कि अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

मनोज की रिपोर्ट