बिक्रमवासियों का लंबा इंतजार खत्म: पीएम मोदी ने वर्चुअल माध्यम से किया आधुनिक ट्रॉमा सेंटर का उद्घाटन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पटना के बिक्रम में 9.64 करोड़ रुपये की लागत से बने आधुनिक ट्रॉमा सेंटर का उद्घाटन किया। इस अवसर पर सीएम सम्राट चौधरी और स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार मौजूद रहे।

pm modi inaugurates modern trauma center bikram
पीएम मोदी ने वर्चुअल माध्यम से किया बिक्रम आधुनिक ट्रॉमा सेंटर का उद्घाटन- फोटो : Reporter

पटना जिले के बिक्रम और आसपास के ग्रामीण इलाकों के लोगों का बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर वर्षों पुराना इंतजार शनिवार को समाप्त हो गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बिक्रम में नवनिर्मित आधुनिक ट्रॉमा सेंटर का उद्घाटन किया। इस अवसर पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और राज्य के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार भी मौजूद रहे।


9.64 करोड़ की लागत से एक एकड़ क्षेत्र में हुआ है निर्माण

बिक्रम में असपूरा के समीप पटना-औरंगाबाद सोन नहर मार्ग के किनारे करीब एक एकड़ भूखंड पर इस ट्रॉमा सेंटर का निर्माण किया गया है। इस महत्वाकांक्षी स्वास्थ्य परियोजना पर लगभग 9.64 करोड़ रुपये की लागत आई है। आपातकालीन चिकित्सा स्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए अस्पताल भवन को अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरणों से सुसज्जित किया गया है।


आईसीयू, ऑपरेशन थिएटर और ब्लड बैंक जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध

नवनिर्मित ट्रॉमा सेंटर में गंभीर मरीजों के उपचार के लिए 10 आईसीयू (ICU) बेड और 15 जनरल बेड की व्यवस्था की गई है। इसके अतिरिक्त यहां आधुनिक ऑपरेशन थिएटर (OT), ब्लड बैंक, जनरल ओपीडी (OPD) और सेंट्रल मेडिकल गैस पाइपलाइन सिस्टम जैसी प्रमुख सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। इन सुविधाओं के शुरू होने से इलाज की गुणवत्ता में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा।



आसपास के कई प्रखंडों को मिलेगा लाभ, पटना जाने की मजबूरी होगी कम


इस ट्रॉमा सेंटर के सुचारू रूप से संचालित होने पर केवल बिक्रम ही नहीं, बल्कि आसपास के कई प्रखंडों की बड़ी आबादी को सीधा लाभ मिलेगा। सड़क दुर्घटना या अन्य आपात परिस्थितियों में अब स्थानीय लोगों को तत्काल इलाज के लिए पटना शहर की ओर दौड़ लगाने से निजात मिलेगी और मरीजों को समय पर जीवनरक्षक उपचार मिल सकेगा।


पूर्व विधानसभा प्रत्याशी अतुल कुमार ने जताया आभार, बताया ऐतिहासिक कदम


ट्रॉमा सेंटर के लोकार्पण पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए पूर्व विधानसभा प्रत्याशी अतुल कुमार ने इसे बिक्रमवासियों के लिए एक ऐतिहासिक सौगात करार दिया। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में बड़ा कदम है, जिससे गंभीर मरीजों को समय पर बेहतर इलाज मिल सकेगा। अतुल कुमार ने क्षेत्र की जनता की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के प्रति आभार व्यक्त किया।

बिक्रम से  ऋषिकेश की रिपोर्ट