Bihar Crime : गया पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी, 50 हजार के इनामी कुख्यात मोहन मांझी को किया गिरफ्तार, हत्या और आर्म्स एक्ट के कई मामलों में था फरार
Bihar Crime : गया पुलिस ने 50 हज़ार के इनामी कुख्यात मोहन मांझी को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार अपराधी पर हत्या और आर्म्स एक्ट के कई मामले दर्ज हैं.......पढ़िए आगे
GAYAJI : जिले में अपराध नियंत्रण और अपराधियों की धर-पकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान में गया पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 50 हजार रुपये के इनामी कुख्यात अपराधी मोहन मांझी को उसके सहयोगी सोनू मांझी के साथ गिरफ्तार कर लिया है। ये दोनों अपराधी लंबे समय से हत्या, रंगदारी और आर्म्स एक्ट के कई संगीन मामलों में पुलिस की आंखों में धूल झोंककर फरार चल रहे थे।
पुलिस को सटीक गुप्त सूचना मिली थी कि इनामी अपराधी मोहन मांझी कोलकाता से गया लौट रहा है और हुलिए को छिपाकर सरबहदा क्षेत्र की ओर जाने की फिराक में है। इस सूचना के बाद नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बोधगया मुहान के पास घेराबंदी की। पुलिस की मौजूदगी देख दोनों आरोपियों ने भागने की कोशिश की, लेकिन मुस्तैद सशस्त्र बल के जवानों ने उन्हें खदेड़कर पकड़ लिया।
पूछताछ के दौरान पकड़े गए अपराधियों ने 3 अगस्त 2025 को हुए एक चर्चित हत्याकांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। उस घटना में एक युवक की गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। गौरतलब है कि इस हत्याकांड में संलिप्त चार अन्य आरोपियों को पुलिस पहले ही जेल भेज चुकी है, जबकि मोहन और सोनू की गिरफ्तारी पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती बनी हुई थी।
गया टाउन डीएसपी-2 धर्मेंद्र भारती ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस पूरी कार्रवाई की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मोहन मांझी एक शातिर अपराधी है, जिस पर जिले के विभिन्न थानों में हत्या और रंगदारी जैसे कई गंभीर मामले दर्ज हैं। इसकी गिरफ्तारी से इलाके में सक्रिय अपराधी गिरोहों को बड़ा झटका लगा है। पुलिस ने इन दोनों की गिरफ्तारी को अपनी एक बड़ी उपलब्धि बताया है।
डीएसपी धर्मेंद्र भारती ने आगे कहा कि पुलिस का यह विशेष अभियान थमा नहीं है। इस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और विभिन्न मामलों में फरार चल रहे अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है और जल्द ही कुछ और बड़ी गिरफ्तारियां संभव हैं।
मनोज की रिपोर्ट