Bihar News : गयाजी पुलिस ने 3 पिकअप और 18 मवेशी किया जब्त, तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार, अवैध बालू खनन पर कसा शिकंजा

Bihar News : गयाजी में पुलिस ने अपराध और अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए दो अलग-अलग मामलों में बड़ी कार्रवाई की है.....पढ़िए आगे

गयाजी पुलिस की कार्रवाई - फोटो : MANOJ

GAYAJI : गया पुलिस ने पशु तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से तीन पिकअप वाहन भी जब्त किए हैं, जिनमें क्रूरतापूर्वक बांधकर ले जाए जा रहे कुल 18 मवेशियों को बरामद किया गया है। मिली जानकारी के अनुसार, 11 अक्टूबर 2026 को डेल्हा थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ पशु तस्कर पिकअप में अवैध रूप से मवेशियों को लोड कर परैया रोड स्थित माल गोदाम से होते हुए डेल्हा की ओर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी और आवश्यक कार्रवाई के लिए परैया रोड स्थित माल गोदाम के पास वाहन जांच शुरू की। इसी दौरान पुलिस ने तीन पिकअप वाहनों को रोकने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार, तीनों वाहन चालकों को पकड़ने के लिए सशस्त्र बल की मदद ली गई और तीनों को हिरासत में ले लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुलशन कुमार, गोलू कुमार और ओम कुमार के रूप में की गई है। पुलिस ने तीनों पिकअप वाहनों की तलाशी ली, जिसमें कुल 18 मवेशी क्रूरतापूर्वक बंधे हुए पाए गए। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से मवेशियों के परिवहन से संबंधित वैध कागजात मांगे गए, लेकिन वे कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर थाने लाया गया। इस मामले में डेल्हा थाना कांड संख्या 303/26, दिनांक 11 अक्टूबर 2026 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। इस कार्रवाई के बाद पशु तस्करी में शामिल लोगों के बीच हड़कंप मचने की संभावना है।

वहीँ बिहार के गया जिले में अवैध बालू खनन और परिवहन के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। वरीय पुलिस अधीक्षक, गया के निर्देश पर 11 अक्टूबर 2026 को चलाए गए विशेष छापेमारी अभियान में पुलिस ने अवैध बालू लदे दो ट्रैक्टर और एक ट्रैक्टर का डाला बरामद किया है। प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, वजीरगंज थाना क्षेत्र में अवैध रूप से बालू का परिवहन किए जाने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस ने छापेमारी कर दो अलग-अलग मामलों में अवैध बालू लदे दो ट्रैक्टर बरामद किए।

वहीं, अतरी थाना क्षेत्र में भी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अवैध बालू लदे एक ट्रैक्टर को बरामद किया, जबकि उसका डाला भी जब्त किया गया। पुलिस के अनुसार, वजीरगंज थाना में इस संबंध में कांड संख्या 465/26 और 466/26 दर्ज किए गए हैं। वहीं, अतरी थाना में कांड संख्या 491/26 दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई के बाद अवैध बालू कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस का कहना है कि अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। अब देखना होगा कि इस कार्रवाई के बाद अवैध बालू के खनन और परिवहन पर कितनी रोक लग पाती है।

मनोज की रिपोर्ट