Bihar Crime:बिहार में फिर पुलिस पर हमला,छापेमारी टीम पर पथराव, भगदड़ में युवक की गई जान,गांव में जमकर हुआ बवाल

Bihar Crime: अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची उत्पाद विभाग की टीम खुद हमले का शिकार बन गई।

पुलिस पर पथराव - फोटो : SOCIAL MEDIA

GAYAJI : गयाजी जिले के इमामगंज प्रखंड के भीड़ गांव में उस वक्त हालात बेकाबू हो गए, जब अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची उत्पाद विभाग की टीम खुद हमले का शिकार बन गई। कानून का पहरा देने आई टीम पर अचानक ऐसा हल्ला बोल हुआ कि पूरा इलाका रणभूमि में तब्दील हो गया। सूत्रों के मुताबिक, छापेमारी के दौरान टीम ने तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया था। लेकिन जैसे ही गिरफ्तारी की खबर गांव में फैली, स्थानीय लोग बड़ी तादाद में जमा हो गए। देखते ही देखते विरोध उग्र हो गया और भीड़ ने टीम पर पत्थरों की बारिश शुरू कर दी। हालात इतने बिगड़ गए कि अधिकारियों और कर्मियों को अपनी जान बचाकर मौके से भागना पड़ा। इस अफरा-तफरी के बीच हिरासत में लिए गए तीनों लोगों को भीड़ ने छुड़ा लिया।

घटना ने उस वक्त और भयावह मोड़ ले लिया, जब भाग रही टीम की गाड़ी की चपेट में एक युवक आ गया। कुचेसर निवासी दिलशाद कुरैशी गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि गाड़ी तेज रफ्तार में थी, लाइट बंद थी और टक्कर मारने के बाद भी नहीं रुकी। घायल युवक को पहले इमामगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक देखते हुए उसे मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया।

घायल के परिजनों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि टीम के सदस्य खुद नशे की हालत में थे। हालांकि, इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है, लेकिन इससे माहौल और ज्यादा गर्म हो गया है।

घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने इमामगंज थाने का घेराव कर दिया और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग करने लगे। थाने के बाहर भारी भीड़ जुट गई, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात को संभालने की कोशिश की और लोगों को शांत कराने में जुटी रही।