सीएसआर फंड से गया को मिली स्वास्थ्य, पेयजल और शव वाहन की सौगात: विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने किया शुभारंभ

गयाजी को बरौनी रिफाइनरी के सहयोग से कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के तहत उपलब्ध कराई गई अत्याधुनिक स्वास्थ्य, पेयजल और शव परिवहन से जुड़ी जनोपयोगी सुविधाओं का विस अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार द्वारा औपचारिक शुभारंभ किया.....

सीएसआर फंड से गयाजी को मिली बड़ी सौगात- फोटो : मनोज कुमार

Gayaji : बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने गुरुवार को जिला समाहरणालय में बरौनी रिफाइनरी के सहयोग से कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के तहत उपलब्ध कराई गई अत्याधुनिक स्वास्थ्य, पेयजल और शव परिवहन से जुड़ी जनोपयोगी सुविधाओं का औपचारिक शुभारंभ किया। इस महत्वपूर्ण अवसर पर जिला पदाधिकारियों, नगर आयुक्त के साथ-साथ बरौनी रिफाइनरी के कार्यपालक निदेशक सह रिफाइनरी प्रमुख सत्य प्रकाश विशेष रूप से उपस्थित रहे।


लगभग 1.63 करोड़ रुपये की लागत से लैस किए गए हैं मेडिकल और पेयजल उपकरण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने बताया कि बरौनी रिफाइनरी के सीएसआर के तहत गया जिले के लिए कुल 163.85 लाख रुपये की लागत से विभिन्न महत्वपूर्ण संसाधन मुहैया कराए गए हैं। इस सौगात के तहत मुख्य रूप से 3 ट्रूनेट मशीनें, 1 एडवांस्ड लाइफ सपोर्ट (ALS) एम्बुलेंस, 1 मॉर्चरी वैन (शव वाहन) और 1000 लीटर प्रति घंटे की क्षमता वाले 25 RO वाटर एटीएम शामिल किए गए हैं।


स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती और गंभीर मरीजों के परिवहन में मिलेगी मदद 

डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि इन सुविधाओं के जुड़ने से गया जिले के स्वास्थ्य ढांचे को बड़ा बल मिलेगा। ट्रूनेट मशीनों के जरिए मेडिकल जांच की रफ्तार और गुणवत्ता सुधरेगी, जिससे मरीजों को समय पर सही उपचार मिल सकेगा। वहीं, अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस एएलएस एम्बुलेंस गंभीर रोगियों के सुरक्षित एवं त्वरित परिवहन में अहम भूमिका निभाएगी। इसके अलावा, मॉर्चरी वैन मिलने से जरूरतमंद परिवारों को शव के सम्मानजनक एवं सुरक्षित परिवहन में बड़ी सहूलियत होगी और 25 वाटर एटीएम के माध्यम से आम जनता को शुद्ध पेयजल उपलब्ध हो सकेगा।


केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी और रिफाइनरी प्रबंधन के प्रति जताया आभार 

जनकल्याण के कार्यों में सरकार, प्रशासन और सार्वजनिक उपक्रमों के आपसी तालमेल को बेहद जरूरी बताते हुए डॉ. प्रेम कुमार ने पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी तथा बरौनी रिफाइनरी के कार्यपालक निदेशक सह रिफाइनरी प्रमुख सत्य प्रकाश और उनकी पूरी टीम के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस तरह की सामाजिक पहल समाज के सर्वांगीण विकास में मील का पत्थर साबित होती है।


प्रशासन को सुविधाओं के पारदर्शी और प्रभावी इस्तेमाल का निर्देश 

विधानसभा अध्यक्ष ने जिला प्रशासन को निर्देशित करते हुए कहा कि इन सभी जनहित सुविधाओं का उपयोग पूरी पारदर्शिता और प्रभावशीलता के साथ सुनिश्चित किया जाए, ताकि इसका सीधा लाभ अंतिम पायदान पर खड़े जरूरतमंद नागरिकों तक पहुंच सके। 


मनोज कुमार की रिपोर्ट