गया बेकाबू थार ने टोटो को मारी टक्कर उड़े परखच्चे, 2 घायल, गुस्साई भीड़ ने गाड़ी में की जमकर तोड़फोड़
गया के जय प्रकाश झरना के पास तेज रफ्तार थार ने टोटो को मारी टक्कर, हादसे में 2 लोग गंभीर रूप से घायल। घटना से नाराज स्थानीय भीड़ ने थार गाड़ी में जमकर की तोड़फोड़। स्थिति को संभालने के लिए मौके पर पहुंची पुलिस।
बिहार के गया शहर में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। शहर के जय प्रकाश झरना के समीप गुरुवार को एक अनियंत्रित थार गाड़ी ने सवारी से भरे टोटो में जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण सड़क हादसे में टोटो पर सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी तेज थी कि टोटो के परखच्चे उड़ गए, जिससे मौके पर चीख-पुकार मच गई।
हादसे के बाद उग्र हुई भीड़, थार गाड़ी में की जमकर तोड़फोड़
हादसे के बाद घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। घायल लोगों की हालत देखकर वहां मौजूद लोगों का गुस्सा भड़क उठा। आक्रोशित भीड़ ने तुरंत थार वाहन को घेर लिया और उसमें जमकर तोड़फोड़ शुरू कर दी। थार के शीशे तोड़ दिए गए और गाड़ी को काफी नुकसान पहुंचाया गया। हंगामे के चलते सड़क पर कुछ देर के लिए आवागमन भी बाधित हो गया।
मौके पर पहुंची पुलिस, घायलों को इलाज के लिए भेजा अस्पताल
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत दल-बल के साथ जय प्रकाश झरना के पास पहुंची। पुलिस ने सूझबूझ से काम लेते हुए उग्र भीड़ को खदेड़ा और स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद बिना समय गंवाए पुलिसकर्मियों ने दोनों घायलों को तुरंत पास के अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज जारी है।
सुरक्षा बल तैनात, सिटी एसडीपीओ बोले— जांच के बाद होगी कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए सिटी एसडीपीओ सरोज कुमार ने बताया कि सड़क दुर्घटना में दो लोग घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में उपचार चल रहा है। उन्होंने कहा कि घटना के बाद कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस फिलहाल दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है और तोड़फोड़ करने वालों की पहचान कर आगे की कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट - मनोज कुमार