Bihar News : गया जंक्शन पर 'ऑपरेशन नार्कोस' के तहत RPF ने की बड़ी कार्रवाई, 22 लाख की अफीम के साथ तस्कर को किया गिरफ्तार
Bihar News : गया जंक्शन पर विशेष जांच अभियान के दौरान 4.415 किलोग्राम अफीम बरामद की गई है। जिसकी अनुमानित कीमत लगभग बाइस लाख रुपये आंकी गई है।
GAYAJI : गया रेलवे जंक्शन पर नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे 'ऑपरेशन नार्कोस' के तहत रेलवे सुरक्षा बल और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर चलाए गए विशेष जांच अभियान के दौरान 4.415 किलोग्राम अफीम बरामद की गई है। जब्त की गई अफीम की कुल अनुमानित कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में लगभग 22,07,500 रुपये (बाइस लाख सात हजार पांच सौ रुपये) आंकी गई है।
कार्रवाई के दौरान प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर हावड़ा एंड फुटओवर ब्रिज के नीचे संदिग्ध स्थिति में घूम रहे एक युवक को सुरक्षाकर्मियों ने घेराबंदी कर हिरासत में लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से भारी मात्रा में अफीम बरामद हुई। गिरफ्तार तस्कर की पहचान झारखंड के चतरा जिले के रहने वाले 26 वर्षीय राज मोहन के रूप में की गई है। पूछताछ में आरोपी ने मादक पदार्थों की खेप को ट्रेन के माध्यम से दूसरे राज्य ले जाने की बात स्वीकार की है।
वरीय रेल अधिकारियों की प्रत्यक्ष मौजूदगी में सभी कानूनी औपचारिकताओं को पूरा करते हुए अफीम के पैकेटों को विधिवत जब्त कर सील किया गया। इसके बाद गिरफ्तार आरोपी और जब्त अफीम को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए राजकीय रेल थाना , गया के सुपुर्द कर दिया गया। जीआरपी पुलिस द्वारा आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) अधिनियम की प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
रेलवे सुरक्षा बल और जीआरपी की इस संयुक्त कार्रवाई से रेलवे स्टेशनों के माध्यम से होने वाली मादक पदार्थों की अंतरराज्यीय तस्करी के एक बड़े नेटवर्क पर ब्रेक लगा है। सुरक्षा एजेंसियों ने स्पष्ट किया है कि ट्रेनों और रेलवे परिसरों में नशीले पदार्थों की तस्करी को रोकने के लिए 'ऑपरेशन नार्कोस' के तहत चेकिंग अभियान आगे भी इसी तरह कड़ाई से जारी रहेगा।
मनोज की रिपोर्ट