गया में एक साथ रहस्यमय तरीके से गायब हुईं 4 स्कूली छात्राएं; परिजनों ने जताई अनहोनी की आशंका,पुलिस जांच में जुटी

बिहार के गया में हैरान करने वाला मामला! वजीरगंज के बिहियाइन गांव से स्कूल में फॉर्म भरने की बात कहकर निकलीं 4 नाबालिग छात्राएं संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई हैं। 3 दिन बीतने के बाद भी कोई सुराग नहीं मिलने से परिजनों में चीख-पुकार मची है।

गया में एक साथ रहस्यमय तरीके से गायब हुईं 4 स्कूली छात्राएं- फोटो : Reporter

गया जिले के वजीरगंज थाना क्षेत्र में उस वक्त अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया, जब चार नाबालिग छात्राएं एक साथ संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गईं। परिजनों के अनुसार, चारों छात्राएं बुधवार की सुबह अपने-अपने घर से स्कूल में फॉर्म भरने और पढ़ाई करने की बात कहकर निकली थीं। हालांकि, शुक्रवार की देर रात तक जब वे वापस अपने घर नहीं लौटीं, तो परिजनों के बीच चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में हड़कंप फैल गया।


सकरदास नवादा पंचायत का मामला, परिजनों ने जताई अनहोनी की आशंका

यह पूरा मामला वजीरगंज थाना क्षेत्र के सकरदास नवादा पंचायत स्थित बिहियाइन गांव का है। गायब हुई चारों छात्राएं रोजाना की तरह एक साथ ही घर से स्कूल के लिए रवाना हुई थीं। जब काफी देर तक लड़कियां घर नहीं पहुंचीं, तो परिजनों ने अपने स्तर पर रिश्तेदारों, सहेलियों के घर और आसपास के इलाकों में काफी खोजबीन की। हर जगह निराशा हाथ लगने और कोई सुराग न मिलने के बाद चिंतित परिजनों ने थाने पहुंचकर पुलिस से गुहार लगाई।


पुलिस ने स्कूल पहुंचकर खंगाला रिकॉर्ड, शिक्षकों से की पूछताछ

घटना की सूचना मिलते ही वजीरगंज पुलिस तुरंत एक्शन में आई और मामले की छानबीन शुरू कर दी। जांच के सिलसिले में पुलिस टीम सकरदास नवादा स्थित उच्च विद्यालय पहुंची और वहां के प्रधानाध्यापक तथा शिक्षकों से पूछताछ की। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि छात्राएं उस दिन स्कूल पहुंची थीं या नहीं, या फिर वे रास्ते से ही किसी अन्य स्थान के लिए रवाना हो गईं।


डीएसपी ने लिया संज्ञान, छात्राओं की बरामदगी के लिए तलाश तेज

मामले की गंभीरता को देखते हुए वजीरगंज डीएसपी अभिनव कुमार ने बताया कि चारों छात्राओं के एक साथ लापता होने की जानकारी मिली है और पुलिस की विशेष टीम गठित कर संभावित ठिकानों पर तलाश शुरू कर दी गई है। उन्होंने परिजनों को आश्वासन दिया है कि पुलिस तकनीकी सर्विलांस और स्थानीय इनपुट की मदद से जांच आगे बढ़ा रही है और जल्द ही सभी छात्राओं को सकुशल बरामद कर लिया जाएगा।

गयाजी से मनोज कुमार की रिपोर्ट