Bihar News : गयाजी पुलिस ने पान मसाला लूटकांड का किया खुलासा, 6 बदमाशों को किया गिरफ्तार, 105 कार्टन रजनीगंधा-तुलसी किया बरामद
Bihar News : गयाजी पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है. जहाँ पुलिस ने लूट का 105 कार्टन रजनीगंधा तुलसी बरामद किया. वहीँ 6 बदमाशों को गिरफ्तार किया है.......पढ़िए आगे
GAYA : जिला पुलिस ने मालवाहक गाड़ी लूटकांड का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। इस मामले में छह अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। पकड़े गए अपराधियों के पास से लूटी गई 105 कार्टन रजनीगंधा और तुलसी (पान मसाला) भी बरामद कर ली गई है। पुलिस ने दावा किया है कि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में लगातार छापेमारी जारी है। इस बात की जानकारी एसएसपी सुशील कुमार ने दी।
पुलिस के अनुसार यह घटना 2 मार्च 2026 की है। एक चालक मालवाहक गाड़ी से पटना के जकरियापुर स्थित बीपीएस इंटरप्राइजेज प्राइवेट लिमिटेड से रजनीगंधा और तुलसी लेकर वजीरगंज की ओर जा रहा था। इसी दौरान गया-नवादा बाइपास पर पैमार पुल के पास पहले से घात लगाए कार सवार अपराधियों ने गाड़ी रुकवा ली। अपराधियों ने चालक के साथ मारपीट की। उसे बंधक बना लिया। इसके बाद वाहन समेत पूरा माल लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मामले को लेकर मुफस्सिल थाना में कांड संख्या 238/26 दर्ज कराया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आईपीएस प्रशिक्षु दीप्ति मिताली व एसडीपीओ वजीरगंज सुनील पांडे के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर पूरे मामले की जांच शुरू की। इसी दौरान लूट कांड से जुड़े एक शख्स का पुलिस को झारखंड कनेक्शन का सुराग मिला। सम्बन्धित शख्स से लुटेरे पान मसाला बेचने का सौदा तय कर रहे थे। इस बात पुष्टि होते ही पुलिस टीम ने झारखंड के डाल्टेनगंज में छापेमारी की। वहां से संदीप कुमार अग्रवाल को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से लूट का सामान भी बरामद हुआ। पूछताछ में उसने गिरोह के अन्य साथियों के नाम बताए। इसके बाद पुलिस ने गया और पटना में लगातार छापेमारी अभियान चलाया। इस कार्रवाई में संजीत कुमार उर्फ बाबा, प्रमोद प्रसाद, संतोष कुमार गुप्ता उर्फ जुगाड़ी जी, छोटू कुमार और रिशु कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अपराधियों के पास से लूटी गई 105 कार्टन रजनीगंधा और तुलसी बरामद कर ली गई है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि इस गिरोह से जुड़े अन्य अपराधियों की पहचान की जा रही है। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इसके अलावा एसएसपी ने बताया कि इस लूट कांड का लाइनर की पहचान कर ली गई है। साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। लाइनर ने ही गिरोह के सदस्यों को पान मसाला वाहन के परिचालन की सूचना दी थी। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद लूट की वारदात से जुड़े गिरोह का बड़ा खुलासा हुआ है। इलाके में इसे पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।
मनोज की रिपोर्ट