Bihar Crime News : गयाजी पुलिस ने भारी मात्रा में अफीम दूध किया बरामद, मौके से तीन तस्करों को किया गिरफ्तार

Bihar Crime News : गयाजी में पुलिस ने विशेष छापेमारी में 3.712 किलोग्राम अफीम दूध के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है.......पढ़िए आगे

अफीम दूध बरामद - फोटो : SOCIAL MEDIA

GAYAJI : बिहार के गया जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। भदवर थाना क्षेत्र में गुप्त सूचना के आधार पर की गई विशेष छापेमारी में पुलिस ने 3.712 किलोग्राम अफीम दूध के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ सख्त संदेश दिया है।

वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार 24 फरवरी को सूचना मिली थी कि तीन व्यक्ति रबदी पहाड़ी की ओर से ग्राम रबदी होते हुए अफीम दूध की खेप लेकर गुजरने वाले हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, इमामगंज के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। डुमरिया के अंचलाधिकारी को दंडाधिकारी के रूप में प्रतिनियुक्त किया गया। ताकि पूरी कार्रवाई विधिसम्मत ढंग से की जा सके।

पुलिस टीम ने ग्राम रबदी से पूरब पहाड़ी की ओर जाने वाली कच्ची सड़क पर घेराबंदी की। इसी दौरान तीन संदिग्ध व्यक्ति स्टील के कमंडल और प्लास्टिक के जग के साथ आते दिखाई दिए। तलाशी लेने पर उनके पास से कुल 3.712 किलोग्राम अफीम दूध बरामद किया गया। बरामद मादक पदार्थ को दंडाधिकारी की उपस्थिति में जब्त करते हुए तीनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।

इस मामले में भदवर थाना कांड संख्या 12/26, दिनांक 24 फरवरी 2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट 1985 की धारा 17(c)/18(c) के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान अमिरका सिंह, मुकेश कुमार और कृष्णदेव सिंह के रूप में हुई है। सभी आरोपी ग्राम पन्नातांड टोला मिटार, थाना भदवर, जिला गया के निवासी बताए गए हैं।

छापेमारी दल में एसडीपीओ इमामगंज कमलेश कुमार, अंचलाधिकारी डुमरिया संजय कुमार, थानाध्यक्ष सचिन कुमार सहित कई पुलिस पदाधिकारी एवं जवान शामिल थे। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में मादक पदार्थों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जायेगा। 

मनोज की रिपोर्ट