सफाई कर्मियों की जायज मांगों के समाधान के लिए सरकार गंभीर, शीघ्र होगा सकारात्मक निर्णय: डॉ. प्रेम कुमार

सफाई कर्मियों की मांग को विधान सभा अध्यक्ष ने बताया जायज- फोटो : मनोज कुमार

Gayaji : बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने सोमवार को जिला अतिथि गृह सभागार में नगर निगम गया के पदाधिकारियों और कर्मचारी यूनियन के प्रतिनिधियों के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक की। इस बैठक में नगर आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी और नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में सफाई कर्मियों की लंबित समस्याओं एवं विभिन्न मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई। डॉ. प्रेम कुमार ने सफाई कर्मियों की मांगों को जायज ठहराते हुए आश्वस्त किया कि सरकार इनके समाधान के लिए पूरी तरह गंभीर है और जल्द ही सकारात्मक फैसला लिया जाएगा।


यूनियन ने रखी ईएसआईसी सुविधा और आउटसोर्सिंग खत्म करने की मांग 

बैठक के दौरान कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष ने दैनिक सफाई कर्मियों की ओर से कई प्रमुख मांगें रखीं। यूनियन ने कर्मियों को अविलंब ईएसआईसी (ESIC) सुविधा उपलब्ध कराने, आउटसोर्सिंग व्यवस्था को समाप्त करने, अर्जित अवकाश (EL) व आकस्मिक अवकाश (CL) लागू करने, साप्ताहिक छुट्टी देने, कार्य के दौरान घायल होने पर निजी अस्पतालों में मुफ्त इलाज की व्यवस्था करने और हर माह के प्रथम सप्ताह में वेतन भुगतान की गारंटी देने की मांग उठाई।


विधानसभा अध्यक्ष ने नगर विकास मंत्री से फोन पर की बात

कर्मियों की समस्याओं को सुनते हुए बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने बैठक के दौरान ही नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री से फोन पर बात की। उन्होंने यूनियन की तीन प्रमुख मांगों से मंत्री को अवगत कराते हुए त्वरित और सकारात्मक पहल करने को कहा। इस पर नगर विकास मंत्री ने सभी मांगों पर गंभीरतापूर्वक विचार करते हुए आवश्यक विभागीय कार्रवाई करने का पूर्ण आश्वासन दिया।


एनजीओ व्यवस्था से आ रही व्यावहारिक कठिनाइयांसरकार संवेदनशील: डॉ. प्रेम कुमार 

डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि सफाई कर्मियों की अधिकांश मांगें लंबे समय से लंबित हैं। वर्तमान में एनजीओ के माध्यम से काम होने के कारण कई व्यावहारिक कठिनाइयां आ रही हैं। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार गरीब, वंचित और निचले स्तर के कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने याद दिलाया कि दो दशक पहले कर्मचारियों को हड़ताल का सहारा लेना पड़ता था, लेकिन वर्तमान सरकार उनके सम्मान, सुरक्षा और सामाजिक कल्याण के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है।


हड़ताल के बाद सप्तम मानदेय और मांगों पर समाधान का निर्देश 

विधानसभा अध्यक्ष ने गया के नगर आयुक्त को निर्देश दिया कि हड़ताल समाप्त होने के बाद स्थानीय कर्मचारियों के सप्तम मानदेय के संबंध में विभाग को तुरंत सूचित करें। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को कर्मचारी यूनियन के साथ एक अलग से विस्तृत बैठक कर समस्याओं का स्थाई समाधान सुनिश्चित करने का आदेश दिया। बैठक में एसडीएम, स्वच्छता पदाधिकारी गौतम कुमार, शुभम कुमार, चंदन कुमार और यूनियन प्रतिनिधि उपस्थित रहे।


मनोज कुमार की रिपोर्ट