Bihar News : गया में मजदूरी के पैसे मांगने पर ठेकेदार ने छत से बरसाईं ईंटें, हमले में युवक की हुई मौत, भाई गंभीर रूप से हुआ जख्मी
Bihar News : गया जिले के चाकंद थाना क्षेत्र अंतर्गत पीर बीघा गांव में पैसे के विवाद को लेकर हुई मारपीट में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका भाई गंभीर रूप से घायल हो गया.......पढ़िए आगे
GAYAJI : बिहार के गया जिले के चाकंद थाना क्षेत्र स्थित पीर बीघा गांव में बकाया पैसों के विवाद ने खूनी रूप ले लिया। मजदूरी के पैसे मांगने गए दो भाइयों पर ठेकेदार और उसके पक्ष के लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया। इस हिंसक झड़प में ईंट लगने से बड़े भाई की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि छोटा भाई अस्पताल में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहा है। इस घटना के बाद से पूरे गांव में मातम और तनाव का माहौल व्याप्त है।
बकाया पैसों को लेकर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान 30 वर्षीय इरफान के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि इरफान का छोटा भाई रिजवान पेशे से पेंटर है और उसने गांव के ही मुन्ना नामक ठेकेदार के यहाँ काम किया था। रिजवान के काम के पैसे बकाया थे, जिसे मांगने के लिए वह बुधवार सुबह अपने बड़े भाई इरफान के साथ मुन्ना के घर गया था। वहां पैसे देने के बजाय आरोपी पक्ष बहसबाजी पर उतारू हो गया।
छत से ईंट-पत्थरों से किया गया हमला
प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों का आरोप है कि बातचीत के दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि गाली-गलौज शुरू हो गई। इसी बीच मुन्ना और उसके समर्थकों ने ईंट-पत्थर चलाने शुरू कर दिए। आरोप है कि हमलावरों ने घर की छत से भारी ईंटें नीचे खड़े दोनों भाइयों पर फेंक दीं। सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोट लगने के कारण इरफान और रिजवान वहीं लहूलुहान होकर गिर पड़े।
अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम
वारदात के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को इलाज के लिए गया के जयप्रकाश नारायण अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार शुरू किया, लेकिन बुधवार सुबह करीब 5 बजे इरफान ने दम तोड़ दिया। वहीं, रिजवान का इलाज अभी भी जारी है और उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल अस्पताल भेज दिया गया है।
पुलिस जांच और इलाके में पुलिस बल तैनात
घटना की सूचना मिलते ही चाकंद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित किए हैं और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। गांव में व्याप्त तनाव को देखते हुए एहतियात के तौर पर पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। परिजनों के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है।
मनोज की रिपोर्ट