Bihar Crime : जमीन के टुकड़े ने ली जान, गया में कलयुगी बेटे ने लाठी-डंडों से पीट-पीटकर की पिता की हत्या

Bihar Crime : गयाजी में जमीन के लिए एक कलयुगी बेटे में पीट-पीटकर अपने पिता की हत्या कर दी. घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया है......पढ़िए आगे

बेटे ने की पिता की हत्या - फोटो : MANOJ

GAYAJI : बिहार के गया जिले के अतरी थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक घटना सामने आई है, जहाँ जमीन के मामूली विवाद में एक बेटे ने अपने ही पिता की बेरहमी से हत्या कर दी। मृतक की पहचान लखन मांझी के रूप में हुई है। इस दिल दहला देने वाली वारदात के बाद पूरे इलाके में मातम और सनसनी का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँच गई है और मामले की छानबीन में जुट गई है।

घटना के पीछे की मुख्य वजह पैतृक जमीन के बंटवारे को लेकर चल रहा पुराना विवाद बताया जा रहा है। मृतक के बड़े बेटे नरेश मांझी के मुताबिक, छोटा बेटा सुरेश मांझी अक्सर जमीन को लेकर अपने पिता से झगड़ा करता रहता था। घर में लंबे समय से तनाव का माहौल बना हुआ था और कई बार सामाजिक स्तर पर समझाने की कोशिशें भी की गईं, लेकिन सुरेश के सिर पर सवार खून का जुनून शांत नहीं हुआ।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मंगलवार शाम को बहस ने हिंसक रूप ले लिया और बात हाथापाई तक पहुँच गई। देखते ही देखते आरोपी सुरेश मांझी ने अपने परिवार के कुछ अन्य लोगों के साथ मिलकर पिता पर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। परिजनों ने बीच-बचाव की बहुत कोशिश की, लेकिन हमलावर नहीं रुके। गंभीर चोट लगने और अत्यधिक खून बह जाने के कारण लखन मांझी ने घर के आंगन में ही तड़प-तड़पकर दम तोड़ दिया।

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसके बाद ग्रामीणों की भारी भीड़ वहां जमा हो गई। अतरी थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की गहराई से जांच की जा रही है।

डीएसपी सुरेंद्र सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि प्राथमिक जांच में हत्या की वजह जमीन और घरेलू विवाद ही सामने आई है। पुलिस की विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं जो आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं। इस घटना ने समाज के सामने एक बार फिर यह कड़वा सच रख दिया है कि कैसे संपत्ति का लालच खून के रिश्तों पर भारी पड़ रहा है। 

मनोज की रिपोर्ट