Bihar News : गयाजी में परिजनों की डांट से नाराज किशोर हाईवोल्टेज बिजली टावर पर चढ़ा, ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत से उतारा
Bihar News : गयाजी में एक किशोर 133 KV की हाईवोल्टेज विद्युत लाइन के टावर पर जा चढ़ा। विशालकाय टावर पर चढ़े बच्चे को देखकर आसपास मौजूद लोगों की सांसें थम गईं।
GAYAJI : बिहार के गया जिले अंतर्गत वजीरगंज थाना क्षेत्र की कारी पंचायत सरकार भवन के समीप उस वक्त अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया, जब एक 14 वर्षीय किशोर 1 लाख 33 हजार वोल्ट (133 KV) की हाईवोल्टेज विद्युत लाइन के टावर पर जा चढ़ा। 133 केवी के विशालकाय टावर पर चढ़े बच्चे को देखकर आसपास मौजूद लोगों की सांसें थम गईं। हालांकि, ग्रामीणों की सूझबूझ और धैर्य की वजह से एक अनहोनी टल गई और किशोर को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।
परिजनों की डांट से नाराज होकर उठाया कदम
जानकारी के अनुसार, टावर पर चढ़े किशोर की पहचान बेगूसराय जिले के रहने वाले विकास कुमार के 14 वर्षीय पुत्र अंकित कुमार के रूप में हुई है। अंकित इन दिनों वजीरगंज प्रखंड के नारायणपुर गांव स्थित अपने ननिहाल आया हुआ था। बताया जाता है कि किसी पारिवारिक बात को लेकर परिजनों ने उसे डांट-फटकार लगा दी थी। इसी डांट से नाराज होकर वह घर से निकला और सीधे कारी पंचायत भवन के पास स्थित हाई वोल्टेज पावर ग्रिड के टावर पर चढ़ गया।
गांव वालों ने दिखाया धैर्य, लगातार समझाया
जैसे ही ग्रामीणों की नजर टावर पर चढ़े किशोर पर पड़ी, मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। बिजली के हाईवोल्टेज तारों की चपेट में आने का बड़ा खतरा बना हुआ था, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। मुखिया प्रतिनिधि विजय राजवंशी और स्थानीय ग्रामीणों ने घबराने के बजाय समझदारी दिखाई। लोगों ने नीचे से ही धैर्यपूर्वक किशोर से संवाद बनाए रखा और लगातार उसे समझा-बुझाकर नीचे उतरने के लिए मनाते रहे।
घंटों के प्रयास के बाद सुरक्षित उतरा नीचे
काफी देर तक चले इस तनावपूर्ण ड्रामे और ग्रामीणों की निरंतर समझाइश के बाद आखिरकार किशोर की नाराजगी दूर हुई और वह धीरे-धीरे सुरक्षित नीचे उतर आया। जैसे ही अंकित के कदम जमीन पर पड़े, परिजनों और मौके पर मौजूद सैकड़ों ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। समय रहते की गई कोशिश और ग्रामीणों की सतर्कता से एक बच्चे की जान बच सकी। इस घटना के बाद ननिहाल के परिजन उसे समझा-बुझाकर सुरक्षित अपने घर ले गए हैं।
मनोज की रिपोर्ट