गयाजी में SIR के खिलाफ 'इंडिया' गठबंधन का जोरदार प्रदर्शन: मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग, ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन
गया में SIR और मुख्य चुनाव आयुक्त के विरोध में इंडिया गठबंधन की ओर से विशाल प्रदर्शन किया गया। इस दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जमकर नारेबाजी और उनका पुतला दहन किया गया.....
Gayaji : विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया में गड़बड़ियों के विरोध और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर 'इंडिया' (INDIA) गठबंधन के आह्वान पर गुरुवार को गया जिला मुख्यालय में कांग्रेस सहित अन्य सहयोगी दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने विशाल विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला दहन किया।
मतदाताओं के नाम काटने की हो रही साजिश: कांग्रेस
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि एसआईआर (SIR) प्रक्रिया के जरिए गरीब और आम मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से काटने की सुनियोजित कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग को निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखनी चाहिए। नेताओं ने स्पष्ट किया कि मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे और मतदाता सूची में पारदर्शिता बहाल होने तक सड़क से लेकर सदन तक यह आंदोलन जारी रहेगा।
प्रशासन रहा मुस्तैद, शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ प्रदर्शन
विरोध प्रदर्शन को देखते हुए गया जिला प्रशासन और पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद नज़र आया। पुलिस की कड़ी निगरानी में जुलूस को शहर के प्रमुख मार्गों से व्यवस्थित तरीके से निकाला गया और प्रदर्शन समाप्त होने के बाद कार्यकर्ताओं को शांतिपूर्ण ढंग से वापस भेजा गया।
ये वरिष्ठ नेता रहे मौजूद
इस विरोध प्रदर्शन और पुतला दहन कार्यक्रम में गया जिला कांग्रेस अध्यक्ष रजनीश कुमार, गया जिला परिषद अध्यक्ष नैना कुमारी, पूर्व जिला अध्यक्ष गगन मिश्रा, देविका सेरियार, धर्मवीर सिंह उर्फ सरदार जी सहित 'इंडिया' गठबंधन के कई वरिष्ठ नेता और भारी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
मनोज की रिपोर्ट