JDU विधायक के बेटे रॉकी यादव को व्हाट्सएप पर धमकी, 5% लेवी मांगी ... नहीं दिया तो काम

शिकायत के अनुसार, प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) संगठन के नाम से भेजे गए कथित संदेश में निर्माण कार्य रोकने और 5 प्रतिशत लेवी देने की मांग की गई है।

JDU MLAs Son Rocky Yadav- फोटो : news4nation

Bihar News : बिहार के गया जिले में बेलागंज से जदयू विधायक के बेटे रॉकी यादव उर्फ राकेश रंजन को व्हाट्सएप के जरिए धमकी मिलने का मामला सामने आया है। शिकायत के अनुसार, प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) संगठन के नाम से भेजे गए कथित संदेश में निर्माण कार्य रोकने और 5 प्रतिशत लेवी देने की मांग की गई है। मांग पूरी नहीं होने पर जान-माल के नुकसान और तथाकथित "फौजी कार्रवाई" की चेतावनी भी दी गई है।


इस मामले में रॉकी यादव की शिकायत पर रामपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। घटना को गंभीरता से लेते हुए गया के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) सुशील कुमार ने सिटी एसपी अभिनव के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है। प्रारंभिक जांच में धमकी भेजने वाले मोबाइल नंबर की लोकेशन अरुणाचल प्रदेश में मिली है। इसके आधार पर पुलिस की विशेष टीम आगे की जांच के लिए वहां जाने की तैयारी कर रही है। साथ ही तकनीकी और साइबर माध्यमों से भी नंबर की पड़ताल की जा रही है।


माओवादी धमकी  

पुलिस के मुताबिक, धमकी भरा संदेश कथित तौर पर माओवादी लेटरहेड के साथ भेजा गया था। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि संदेश वास्तव में किसी माओवादी संगठन की ओर से भेजा गया है या किसी ने फर्जी तरीके से संगठन का नाम इस्तेमाल किया है।


पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के हर पहलू की गहन जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही धमकी की प्रामाणिकता और इसके पीछे शामिल लोगों के बारे में आधिकारिक तौर पर कुछ कहा जा सकेगा। फिलहाल SIT तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर मामले की तह तक पहुंचने में जुटी है।

मनोज की रिपोर्ट