Bihar News : गया में बेख़ौफ़ बदमाशों का दुस्साहस, जेवर व्यवसायी को गोली मारकर लूटे 45 लाख के गहने और कैश, इलाके में मचा हड़कंप

Bihar News : अपराधियों ने सरेराह एक ज्वेलरी व्यवसायी को निशाना बनाते हुए उन पर गोलियां बरसाईं और करीब 45 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात व नकद रुपए लूटकर आसानी से फरार हो गए।

जेवर व्यवसायी को मारी गोली - फोटो : MANOJ

GAYAJI : बिहार के गया जिले के गुरुआ थाना क्षेत्र में बुधवार की देर शाम बेखौफ अपराधियों ने एक बड़ी और सनसनीखेज लूट की वारदात को अंजाम दिया है। अपराधियों ने सरेराह एक ज्वेलरी व्यवसायी को निशाना बनाते हुए उन पर गोलियां बरसाईं और करीब 45 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात व नकद रुपए लूटकर आसानी से फरार हो गए। इस दुस्साहसिक घटना के बाद से पूरे गुरुआ बाजार और आस-पास के इलाके के व्यवसायियों व स्थानीय लोगों में भारी दहशत का माहौल कायम हो गया है।

दुकान बंद कर घर लौटने के दौरान हुआ हमला

प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस जानलेवा हमले में गंभीर रूप से घायल व्यवसायी की पहचान प्रभाकर बरनवाल के रूप में की गई है। वह गुरुआ बाजार में स्थित अपनी 'एस ब्रदर्स ज्वेलर्स' नामक दुकान को रोजाना की तरह बंद करके अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान करमाईन की दिशा से दो बाइकों पर सवार होकर आए चार नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और लूटपाट का विरोध करने पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।

छह राउंड फायरिंग से दहल उठा इलाका, पैर में लगी गोली

प्रत्यक्षदर्शियों और पीड़ित के अनुसार, अपराधियों ने इलाके में अपना खौफ कायम करने के लिए करीब छह राउंड हवाई और टारगेटेड फायरिंग की, जिससे पूरा बाजार दहल उठा। इस अंधाधुंध गोलीबारी में एक गोली व्यवसायी प्रभाकर बरनवाल के दाहिने पैर में जा लगी, जिससे वे लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े। इसके बाद अपराधी जेवरात से भरा बैग और नकदी समेटकर हथियार लहराते हुए मौके से रफूचक्कर हो गए।

प्राथमिक उपचार के बाद गया के मगध मेडिकल कॉलेज रेफर

गोलीबारी की आवाज सुनकर और अपराधियों के भागने के बाद स्थानीय ग्रामीण व दुकानदार तुरंत मौके पर पहुँचे। लोगों की मदद से खून से लथपथ घायल व्यवसायी को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) गुरुआ ले जाया गया। वहाँ मौजूद चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया, लेकिन पैर से अत्यधिक खून बह जाने और स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उन्हें तुरंत अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल (ANMMCH), गया रेफर कर दिया।

पुलिस की नाकेबंदी और सीसीटीवी फुटेज से जांच शुरू

लूट की इतनी बड़ी वारदात की सूचना मिलते ही गुरुआ थाना पुलिस दलबल के साथ तुरंत घटनास्थल और अस्पताल पहुँची। पुलिस मामले की छानबीन और अपराधियों के भागने के रूट का पता लगाने में जुट गई है। पुलिस की विशेष टीमें घटनास्थल के आसपास के दुकानों और चौराहों पर लगे सीसीटीवी (CCTV) फुटेज को खंगाल रही हैं। पुलिस प्रशासन का दावा है कि पूरे जिले की सीमाओं को सील कर नाकेबंदी कर दी गई है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। 

मनोज की रिपोर्ट