Bihar News : हंसुआ के बियाह में खुरपा का गीत...राघोपुर नाव हादसे पर सवाल पूछने पर भड़के केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी
Bihar News : राघोपुर में हुए दर्दनाक नाव हादसे और उस पर सरकार की लापरवाही को लेकर पूछे गए तीखे सवालों पर केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी खासे नाराज नजर आए।
GAYAJI : राघोपुर में हुए नाव हादसे और उसमें हुई मौतों को लेकर सरकार की लापरवाही पर सवाल पूछे जाने पर केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी नाराज हो गए। उन्होंने सवाल का सीधा जवाब देने के बजाय तंज कसते हुए कहा, “हंसुआ के बियाह में खुरपा का गीत गाने लग गए हैं आप लोग।” उन्होंने कहा कि हर जगह एक ही बात नहीं करनी चाहिए। मांझी एक अस्पताल के उद्घाटन कार्यक्रम में पहुंचे थे।
हालांकि, उन्होंने हादसे को दुखद बताते हुए कहा कि इसकी जांच की जा रही है। पड़ताल की जा रही है कि परिचालन बंद होने के बावजूद नाव कैसे चली और किन परिस्थितियों में यह घटना हुई। उन्होंने बताया कि केंद्र और राज्य सरकार राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं। देश में चल रहे विरोध-प्रदर्शनों पर मांझी ने आरोप लगाया कि कुछ तत्व भारत की तरक्की रोकने और अस्थिरता फैलाने की कोशिश कर रहे हैं।
उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत 2029 तक दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन सकता है। मांझी ने विदेशी ताकतों पर भारत की प्रगति से असहज होने का आरोप लगाते हुए कहा कि कुछ लोग आंदोलन के जरिए देश को अस्थिर करना चाहते हैं।
उन्होंने विपक्ष पर राष्ट्रपति, चुनाव आयोग और सुप्रीम कोर्ट जैसी संवैधानिक संस्थाओं का मखौल उड़ाने का भी आरोप लगाया।
मनोज की रिपोर्ट