लालटेन वाली कांवर लेकर देवघर निकला कांवरिया,बोला- तेजस्वी यादव की सरकार बनवाने के लिए जा रहे बोलबम

Bihar News: गयाजी से देवघर तक कांवरियों की भीड़ में इन दिनों एक ऐसी कांवर चर्चा का विषय बनी हुई है, जिसने श्रद्धालुओं के साथ-साथ राहगीरों का भी ध्यान अपनी ओर खींच लिया।

लालटेन वाली कांवर लेकर देवघर निकला कांवरिया- फोटो : reporter

Bihar News: गयाजी से देवघर तक कांवरियों की भीड़ में इन दिनों एक ऐसी कांवर चर्चा का विषय बनी हुई है, जिसने श्रद्धालुओं के साथ-साथ राहगीरों का भी ध्यान अपनी ओर खींच लिया। सफेद कपड़ों पर तेजस्वी यादव की तस्वीर, कांवर के दोनों सिरों पर टंगी लालटेन, आरजेडी का झंडा और साथ में तिरंगा यह अनोखा अंदाज लेकर गया का एक युवक बाबा बैद्यनाथ के दरबार की ओर बढ़ रहा है।

गया के बड़की डेल्हा निवासी सूरज यादव खुद को लालू यादव और तेजस्वी यादव का प्रशंसक बताते हैं। उनका कहना है कि करीब दो वर्षों से वह देवघर पहुंचकर बाबा भोलेनाथ को गंगाजल अर्पित कर रहे हैं, लेकिन इस बार उन्होंने अपनी कांवर यात्रा को राजनीतिक आस्था से जोड़ते हुए एक अलग रूप दिया है। सूरज ने सफेद टी-शर्ट और पैंट पहन रखी है। टी-शर्ट पर तेजस्वी यादव की तस्वीर और लालटेन का निशान बना हुआ है। वहीं कांवर के आगे और पीछे लालटेन, आरजेडी का चुनाव चिन्ह और पार्टी का झंडा लगाया गया है। कांवर पर तिरंगा भी लगाया गया है। दोनों ओर पीतल के बर्तनों में गंगाजल लेकर वह देवघर की राह पर आगे बढ़ रहा है।

सूरज का कहना है कि उसकी बाबा भोलेनाथ से सिर्फ एक ही मुराद है बिहार में तेजस्वी यादव की सरकार बने और युवाओं को रोजगार मिले। वह तेजस्वी के उस राजनीतिक वादे का हवाला देता है, जिसमें हर घर से एक व्यक्ति को सरकारी नौकरी देने की बात कही गई थी। सूरज का कहना है कि इसी उम्मीद के साथ वह बाबा से प्रार्थना कर रहा है।

सूरज की एक और ख्वाहिश लालू यादव और तेजस्वी यादव से मिलने की है। हालांकि वह कहता है कि बिना बुलाए उनके घर नहीं जाएगा। अगर दोनों नेता बुलाएंगे तो वह जरूर मुलाकात कर आशीर्वाद लेना चाहेगा।

कांवरियों की भीड़ में लालटेन से सजी यह कांवर और तिरंगे के साथ चल रहा सूरज फिलहाल आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। यह आस्था है, सियासी पसंद या अपने नेता के प्रति जुनून—इसका फैसला सूरज खुद करेगा, लेकिन बाबा बैद्यनाथ के दरबार में लगाई गई उसकी यह अनोखी अरदास जरूर चर्चा बटोर रही है।

रिपोर्ट- मनोज कुमार