गया में अवैध विदेशी शराब व बीयर की बड़ी खेप जब्त: उत्पाद विभाग व पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में बेगूसराय का तस्कर गिरफ्तार

गया में अवैध विदेशी शराब व बीयर की बड़ी खेप जब्त- फोटो : मनोज कुमार

Gayaji : जिले के बाराचट्टी थाना अंतर्गत समेकित जांच चौकी (डोभी) पर गया पुलिस और उत्पाद विभाग की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अवैध शराब की एक बड़ी खेप को जब्त किया है। गुप्त सूचना के आधार पर जीटी रोड स्थित चेकपोस्ट पर चलाए गए गहन जांच अभियान के दौरान झारखंड की ओर से आ रही एक संदिग्ध पिकअप गाड़ी को रोककर तलाशी ली गई।


रद्दी जूट के बोरों के नीचे छिपाई गई थी 3042 बोतलें

तलाशी के दौरान टाटा योद्धा पिकअप वाहन के डाले में रद्दी जूट के बोरों के नीचे बड़ी ही चालाकी से छिपाकर रखी गई अंग्रेजी शराब और बीयर की खेप बरामद हुई। पुलिस ने वाहन से कुल 216 लीटर अवैध विदेशी शराब और 1224 लीटर बीयर बरामद की, जिसमें कुल 3,042 बोतलें शामिल हैं।


बेगूसराय का तस्कर विकेश कुमार गिरफ्तार

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने पिकअप चालक सह शराब तस्कर को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान विकेश कुमार (26 वर्ष), पिता का नाम अज्ञात, निवासी कमरुद्दीनपुर, थाना सिंघौल, जिला बेगूसराय के रूप में हुई है।


शराब के बैकवर्ड व फॉरवर्ड लिंकेज खंगालने में जुटी पुलिस

पुलिस और उत्पाद विभाग की टीम अब गिरफ्तार आरोपी से कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि शराब की इतनी बड़ी खेप कहाँ से लोड की गई थी और इसे बिहार के किस जिले या सिंडिकेट तक पहुँचाया जाना था। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में गहन अनुसंधान पूरा कर आरोपी के खिलाफ शीघ्र ही अदालत में आरोप पत्र (चार्जशीट) समर्पित किया जाएगा।


मनोज की रिपोर्ट