Bihar News : गयाजी में छापेमारी के दौरान शराब कारोबारियों ने पुलिस टीम पर किया हमला, पांच पुलिसकर्मी हुए जख्मी, वाहनों में किया तोड़फोड़
Bihar News : गया मे शराब माफिया के द्वारा एक बार फिर पुलिस पर हमला किया गया है. जिसमें दारोगा सहित पांच पुलिसकर्मी जख्मी हो गए......पढ़िए आगे
GAYAJI : गया जिले के मेन थाना अंतर्गत कोयरी बिगहा के मांझी टोला में शराब बनाए जाने की गुप्त सूचना मिलने पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की और आरोपी भोला मांझी को गिरफ्तार कर लिया। जैसे ही पुलिस गिरफ्तार आरोपी भोला मांझी को अपनी गाड़ी में बैठाकर थाने लाने लगी, तभी मौके पर मौजूद और आसपास के घरों की महिलाओं ने एकजुट होकर पुलिस दल पर अचानक पथराव शुरू कर दिया।
इस भारी रोड़ेबाजी और हमले के बीच उपद्रवी महिलाओं ने बलपूर्वक भोला मांझी को पुलिस की गिरफ्त से छुड़ा लिया। इस हिंसक झड़प और पथराव की घटना में एक सब-इंस्पेक्टर सहित कुल पांच पुलिसकर्मी मामूली रूप से घायल हो गए। हमले में पुलिस के वाहन को भी गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त कर दिया गया है, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना के बाद सभी घायल पुलिसकर्मियों को तुरंत बेलागंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका प्राथमिक उपचार किया गया। अधिकारियों ने बताया कि सभी घायलों की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर है और उन्हें मामूली चोटें आई हैं। इस पूरे मामले की पुष्टि करते हुए गया के एसएसपी सुशील कुमार ने बताया कि पुलिस टीम पर हमला करने और सरकारी काम में बाधा डालने वालों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में अलग से प्राथमिकी दर्ज की जा रही है।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस घटना में शामिल सभी उपद्रवियों की पहचान कर जल्द से जल्द कानूनी शिकंजा कसा जाएगा और उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।
मनोज की रिपोर्ट