Bihar News : गया में रेलवे ब्रिज निर्माण साइट पर बड़ा हादसा, हाइवा ने सुरक्षा गार्ड को कुचला, मौके पर हुई मौत
Bihar News : गयाजी में कंस्ट्रक्शन प्लांट में ड्यूटी पर तैनात एक सुरक्षा गार्ड की तेज रफ्तार हाइवा (लोडर) की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई।
GAYAJI : गया जिले के परैया थाना क्षेत्र के परैया खुर्द के गढ़ पर मोरहर नदी के पास चल रहे रेलवे ब्रिज निर्माण कार्य के दौरान एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। बीती रात कंस्ट्रक्शन प्लांट में ड्यूटी पर तैनात एक सुरक्षा गार्ड की हाइवा की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान कोच थाना क्षेत्र के मलहद बीघा निवासी प्रमोद यादव के रूप में हुई है,ल जो पिछले 6 महीनों से यहां ईगल सिक्योरिटी एजेंसी के माध्यम से गार्ड के पद पर कार्यरत थे।
खाना खाने के दौरान हुआ हादसा
घटना के संबंध में कंस्ट्रक्शन मैनेजर अखिलेश कुमार तिवारी ने बताया कि दुर्भाग्यपूर्ण हादसा है। रात के समय लगभग 9:30 से 11 बजे के बीच सुरक्षा गार्ड प्रमोद यादव एक कुर्सी पर बैठकर खाना खा रहे थे। इसी दौरान साइट पर काम कर रहा लोडर (हाइवा) ऑपरेटर अपनी गाड़ी को बैक कर रहा था। अंधेरे या किसी अन्य वजह से ऑपरेटर की नजर कुर्सी पर बैठे प्रमोद यादव पर नहीं पड़ सकी और उसने गाड़ी पीछे बढ़ा दी। इसके परिणामस्वरूप हाइवा का भारी पहिया प्रमोद यादव को कुचलते हुए निकल गया जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
केसीसी और एचजी कंपनी का चल रहा है काम
कंस्ट्रक्शन मैनेजर ने जानकारी दी कि इस रूट पर रेलवे ब्रिज के निर्माण का कार्य केसीसी इन्फ्रा प्राइवेट लिमिटेड और एचजी कंपनी के जॉइंट वेंचर के तहत किया जा रहा है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने के लिए ईगल सिक्योरिटी एजेंसी से गार्ड्स तैनात किए गए थे, जिनमें से एक प्रमोद यादव भी थे।
परिजनों में कोहराम, पुलिस जांच में जुटी
हादसे के बाद मौके पर मौजूद अन्य गार्डों और ड्राइवरों ने तुरंत इसकी सूचना कंस्ट्रक्शन कंपनी के अधिकारियों और मृतक के परिजनों को दी। घटना की जानकारी मिलते ही परैया थाने की पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची और शव को अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है। मृतक के भांजे रंजीत कुमार (रामपुर, कोच) ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद से ही पूरे परिवार में कोहराम मच गया है। पुलिस फिलहाल मामले की छानबीन कर रही है और हादसे के कारणों की जांच में जुटी है।
मनोज की रिपोर्ट