गयाजी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: देसी महुआ शराब और 4 बाइक बरामद, दो शराब तस्कर गिरफ्तार

अवैध शराब के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई- फोटो : मनोज कुमार

Gayaji : जिले में अवैध शराब के कारोबार पर नकेल कसने के लिए गया पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) के निर्देश पर 6 नवंबर 2026 को चलाए गए विशेष छापेमारी अभियान के तहत जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से कुल 187 लीटर देसी महुआ शराब और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही चार मोटरसाइकिलें जब्त की गई हैं।


बांकेबाजार से 100 लीटर शराब और 2 बाइकों के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, बांकेबाजार थाना क्षेत्र में छापेमारी कर सर्वाधिक 100 लीटर देसी महुआ शराब और दो मोटरसाइकिल बरामद की गई। इसके साथ ही मौके से शराब तस्करी में शामिल दो मुख्य आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार करने में पुलिस को सफलता मिली है।


चाकंद, बोधगया और टिकारी थाना क्षेत्रों से भी भारी मात्रा में शराब बरामद

इसके अलावा, पुलिस की अलग-अलग टीमों ने जिले के अन्य हिस्सों में भी सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान चाकंद थाना क्षेत्र से 30 लीटर शराब और एक बाइक, विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल बोधगया थाना क्षेत्र से 55 लीटर महुआ शराब तथा टिकारी थाना क्षेत्र से 2 लीटर शराब और एक बाइक जब्त की गई।


गिरफ्तार आरोपियों की पहचान और मद्यनिषेध कानून के तहत मामला दर्ज

मामले में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गया जिले के ही रहने वाले राजेश कुमार (पिता दीपक यादव) और अमन राज (पिता राजेंद्र प्रसाद) के रूप में हुई है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद (संशोधित) अधिनियम 2022 की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।


शराब तस्करों के खिलाफ लगातार जारी रहेगा पुलिस का अभियान

गया पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि राज्य में पूर्ण शराबबंदी कानून को प्रभावी ढंग से लागू कराने के लिए प्रतिबद्धता बनी रहेगी। जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, भंडारण और तस्करी में संलिप्त असामाजिक तत्वों के खिलाफ पुलिस का यह विशेष अभियान आगे भी अनवरत जारी रहेगा।


मनोज की रिपोर्ट