Bihar News : गया में उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई, शराब लदी पिकअप वैन किया जब्त, बंगाल के दो तस्करों को किया गिरफ्तार

Bihar News : गया जिले के बाराचट्टी थाना क्षेत्र स्थित डीभीपी चेक पोस्ट पर उत्पाद विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंग्रेजी शराब और बीयर से लदी एक पिकअप वैन को जब्त किया है।

शराब की बड़ी खेप बरामद - फोटो : MANOJ

GAYAJI : जिले के बाराचट्टी थाना क्षेत्र स्थित समेकित जांच चौकी (डीभीपी चेक पोस्ट) पर उत्पाद विभाग की टीम ने शराब तस्करों के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने विशेष चेकिंग अभियान के दौरान अंग्रेजी शराब और बीयर से पूरी तरह लदी एक पिकअप वैन को जब्त किया है। वाहन से भारी मात्रा में कैन, बोतल और टेट्रा पैक शराब बरामद की गई है। इस कार्रवाई के दौरान मौके से दो शराब तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया है, जिनसे कड़ाई से पूछताछ की जा रही है।

3624 कैन और टेट्रा पैक बरामद

उत्पाद विभाग के सहायक आयुक्त ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि विभाग को झारखंड के रास्ते बिहार में विदेशी शराब की एक बड़ी खेप लाए जाने की गुप्त सूचना मिली थी। इस इनपुट के आधार पर चेक पोस्ट पर वाहनों की सघन जांच शुरू की गई। मंगलवार देर रात एक संदिग्ध पिकअप वैन को रोककर जब उसकी तलाशी ली गई, तो अधिकारियों के होश उड़ गए। वाहन के भीतर छिपाकर रखी गई कुल 3624 कैन, बोतल और टेट्रा पैक विदेशी शराब बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा लगभग 1643 लीटर मापी गई है।

पश्चिम बंगाल के रहने वाले हैं दोनों तस्कर

पकड़े गए दोनों शराब तस्करों की पहचान पश्चिम बंगाल के बर्दवान जिले के निवासियों के रूप में की गई है। दोनों तस्कर झारखंड से शराब की इस बड़ी खेप को लेकर बिहार के बाजारों में खपाने की फिराक में थे। मद्य निषेध विभाग ने दोनों आरोपियों के खिलाफ बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

नेटवर्क खंगालने में जुटी उत्पाद विभाग की टीम

अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार तस्करों से शराब के इस अवैध धंधे के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज के बारे में पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि शराब झारखंड में किसने लोड करवाई थी और बिहार के किस जिले में इसकी डिलीवरी होनी थी। विभाग का दावा है कि इस पूछताछ के आधार पर इस अंतरराज्यीय शराब तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य बड़े चेहरों को भी बेनकाब किया जाएगा।

सीमावर्ती इलाकों में चेकिंग अभियान रहेगा जारी

उत्पाद विभाग के अनुसार, बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून को पूरी तरह प्रभावी बनाने और तस्करों के मंसूबों को नाकाम करने के लिए झारखंड और अन्य राज्यों से जुड़ने वाले सीमावर्ती क्षेत्रों में चौकसी बढ़ा दी गई है। अधिकारियों ने साफ किया है कि आने वाले दिनों में भी सभी चेक पोस्टों पर 24 घंटे सघन वाहन जांच अभियान जारी रहेगा, ताकि अवैध शराब की एंट्री पर पूरी तरह से रोक लगाई जा सके।

मनोज की रिपोर्ट