पुलिस को बड़ी कामयाबी : पितृपक्ष मेला मे श्रद्धालुओं के फोन चुराने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के 7 शातिर को दबोचा, 44 मोबाइल बरामद
गयाजी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने पितृपक्ष मेले में लोगों के मोबाइल चोरी करने वाले गिरोह के 7 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। वहीं पुलिस ने इनके पास से 44 महंगे मोबाइल के साथ अन्य सामान बरामद किए है......
Gayaji : विश्वप्रसिद्ध पितृपक्ष मेला महासंगम-2026 के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर गयाजी पुलिस ने बेहद सतर्कता दिखाते हुए एक बड़े मोबाइल चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस की विशेष निगरानी टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह के सदस्यों को दबोच लिया, जिससे मेले में आए श्रद्धालुओं ने राहत की सांस ली है।
44 महंगे मोबाइल, नकद रुपये और हथियार बरामद
पुलिस की इस छापेमारी में अपराधियों के पास से कुल 44 चोरी के मोबाइल फोन और 34,500 नकद बरामद किए गए हैं। इसके अलावा पुलिस ने उनके ठिकाने से चोरी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण और दस्तावेज जब्त किए हैं, जिनमें एक हथौड़ी, दो चार्जर, एक चाकू, एयरबड्स, पिलास, 14 सिम कार्ड, पैन कार्ड, तीन पहचान पत्र, एक डेबिट कार्ड और दो एटीएम कार्ड शामिल हैं।
सीसीटीवी व तकनीकी सर्विलांस से धनबाद के शातिर पप्पू दत्ता तक पहुंची पुलिस
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सक्रिय विशेष टीम ने 30 सितंबर 2026 को धनबाद (झारखंड) के निरसा थाना निवासी पप्पू दत्ता उर्फ शिबू दत्ता को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा। कड़ाई से पूछताछ और सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण से खुलासा हुआ कि यह गिरोह मेले की भीड़ का फायदा उठाकर जेबकतरी व चोरी करता था। उसकी निशानदेही पर गिरोह के अन्य ठिकानों पर छापेमारी की गई।
7 आरोपी गिरफ्तार और एक विधि-विरुद्ध बालक निरुद्ध
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गिरोह के 7 मुख्य सदस्यों—सचिन कुमार शर्मा, प्रताप नोनिया, करण नोनिया, संजय साव, संतोष नोनिया, रौशन कुमार और गणेश नोनिया को गिरफ्तार किया। इनके साथ ही अपराध में शामिल एक विधि-विरुद्ध बालक को भी निरुद्ध किया गया है। सभी आरोपी भीड़भाड़ वाले वेदी स्थलों पर श्रद्धालुओं को अपना शिकार बनाते थे।
विष्णुपद थाने में प्राथमिकी दर्ज, मेले में सुरक्षा व्यवस्था हुई सख्त
बरामद सामान और सभी गिरफ्तार आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए विष्णुपद थाना भेज दिया गया है, जहां मामले में प्राथमिकी दर्ज कर गहन छानबीन की जा रही है। पितृपक्ष मेले में देश-विदेश से आने वाले लाखों तीर्थयात्रियों की सुरक्षा के दृष्टिकोण से गया पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की चहुंओर सराहना हो रही है।
मनोज की रिपोर्ट