गयाजी में साइबर ठगी का बड़ा पर्दाफाश: कोलकाता के 9 शातिर गिरफ्तार, अमेरिका के नागरिकों को बनाते थे निशाना

गयाजी पुलिस को साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने 9 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए सभी बदमाश पश्चिम बंगाल के निवासी बताए गए हेै, जो विदेशी नागरिकों को अपना शिकार बनाते थे.....

9 साइबर अपराधी गिरफ्तार- फोटो : मनोज कुमार

Gayaji : जिला पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए रामपुर थाना क्षेत्र के व्हाइट हाउस रोड स्थित मोती मानी अपार्टमेंट में छापेमारी कर नौ साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार सभी आरोपी पश्चिम बंगाल के कोलकाता के रहने वाले हैं और एक संगठित गिरोह के रूप में विदेशी नागरिकों को ठगी का शिकार बना रहे थे।


फर्जी शॉपिंग वेबसाइट और कस्टमर केयर का खेल 

प्रारंभिक जांच में यह खुलासा हुआ है कि यह गिरोह मुख्य रूप से अमेरिका में रहने वाले लोगों को अपना निशाना बनाता था। आरोपी खुद को फ्लिपकार्ट (Flipkart) और अमेज़ॅन (Amazon) जैसी प्रसिद्ध ई-कॉमर्स कंपनियों के फर्जी कस्टमर केयर प्रतिनिधि के रूप में पेश करते थे और तकनीकी सहायता, ऑर्डर कैंसिलेशन या रिफंड के नाम पर लोगों से धोखाधड़ी करते थे।


भारी मात्रा में डिजिटल उपकरण बरामद

गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से 15 मोबाइल फोन, 6 लैपटॉप, 22 एटीएम कार्ड और कई अन्य आपत्तिजनक सामान जब्त किए हैं। पुलिस अब इन डिजिटल उपकरणों की फोरेंसिक जांच कर रही है ताकि गिरोह के व्यापक नेटवर्क, बैंक खातों और अवैध लेनदेन के बारे में सटीक जानकारी जुटाई जा सके।


एक करोड़ रुपये तक की ठगी का अनुमान

एसएसपी ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि शुरुआती जांच में इस गिरोह द्वारा लगभग एक करोड़ रुपये की साइबर ठगी किए जाने की बात सामने आई है। हालांकि, पुलिस अधिकारियों का मानना है कि विस्तृत जांच और पूछताछ के बाद ठगी की यह रकम और अधिक बढ़ सकती है।


पुलिस का शिकंजा और आगे की कार्रवाई

पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर इस अंतरराज्यीय और अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क से जुड़े अन्य संदिग्धों की तलाश में जुटी है। गया पुलिस का कहना है कि साइबर अपराधियों के इस पूरे रैकेट का दायरा कितना बड़ा है, इसका खुलासा आगे की कानूनी और तकनीकी कार्रवाई के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।

मनोज की रिपोर्ट