हथियार तस्करों के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: , देसी पिस्टल-कट्टा और कारतूस के साथ एक को दबोचा

हथियार के साथ एक तस्कर गिरफ्तार- फोटो : मनोज कुमार

Gayaji : अवैध हथियारों की तस्करी और आपराधिक गतिविधियों पर लगाम कसने के लिए गया जिले की पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एक हथियार तस्कर को धर दबोचा है, जिसके पास से अवैध आग्नेयास्त्र और अन्य संदिग्ध सामान बरामद किए गए हैं।


भूसंडा स्थित ग्रीन फील्ड स्कूल के पास जमा हुए थे तस्कर

मामले की जानकारी देते हुए एसपी सिटी अभिनव कुमार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ हथियार तस्कर भूसंडा स्थित ग्रीन फील्ड स्कूल के पास किसी अवैध गतिविधि को अंजाम देने के लिए जमा हुए हैं। सूचना मिलते ही तुरंत एक विशेष छापामारी टीम का गठन कर मौके पर भेजी गई।


पुलिस को देखते ही भागे संदिग्ध, खदेड़ कर पकड़ा गया आदित्य कुमार

जैसे ही पुलिस टीम निर्धारित स्थल पर पहुंची, वहां मौजूद संदिग्ध पुलिस को देखते ही हड़बड़ाहट में भागने का प्रयास करने लगे। पुलिस ने मुस्तैदी और तत्परता दिखाते हुए खदेड़ कर एक युवक को दबोच लिया। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी की पहचान आदित्य कुमार के रूप में की गई है।


भागने के दौरान फेंका कट्टा, तलाशी में पिस्टल और कारतूस बरामद

पुलिस के अनुसार, भागने के क्रम में आरोपी आदित्य कुमार ने अपना एक देसी कट्टा जमीन पर फेंक दिया था। इसके बाद जब पुलिस ने उसकी सघन तलाशी ली, तो उसके पास से एक देसी पिस्टल और चार जिंदा कारतूस मिले। इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल हो रही एक मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।


आरोपी से पूछताछ जारी, नेटवर्क को खंगाल रही है पुलिस

फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपी आदित्य कुमार से कड़ाई से पूछताछ कर रही है और उसके आपराधिक इतिहास तथा इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग जुटा रही है। पुलिस का कहना है कि इस रैकेट में शामिल अन्य संलिप्तों की गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई तेजी से की जा रही है।

मनोज की रिपोर्ट