बिहार-झारखंड सीमा पर गया पुलिस और SSB को बड़ी सफलता: जंगल में ज़मीन के अंदर दबा हथियारों का जखीरा बरामद

गया जिले में नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता हाथ लगी है। बिहार-झारखंड सीमा से सटे धनगांई थाना क्षेत्र स्थित घने और दुर्गम जंगलों में जिला पुलिस और एसएसबी ने सर्च ऑपरेशन चला हथियारों का जखीरा बरामद किया है....

गया के जंगल से हथियारो का जखीरा बरामद- फोटो : मनोज कुमार

Gayaji : जिले में सुरक्षाबलों ने नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक बड़ी सफलता हासिल की है। बिहार-झारखंड सीमा से सटे धनगांई थाना क्षेत्र अंतर्गत तिलेटाड़ से हिसीर जाने वाले मार्ग के घने और दुर्गम जंगलों में बुधवार तड़के सशस्त्र सीमा बल (SSB) और गया जिला पुलिस ने संयुक्त रूप से एक विशेष सर्च ऑपरेशन चलाया।


ज़मीन खोदते ही निकला हथियारों और कारतूसों का ज़खीरा 

तलाशी के दौरान जवानों को जंगल के भीतर ज़मीन के नीचे एक संदिग्ध स्थान का पता चला। जब सुरक्षाबलों ने वहाँ खुदाई की, तो प्लास्टिक के बोरों में पैक करके छिपाए गए अत्याधुनिक हथियार और भारी मात्रा में कारतूस देखकर सभी हैरान रह गए।


मौके से बरामद किए गए हथियार व सामग्री:

  • 9 एमएम कार्बाइन: 1
  • मैगजीन: 2
  • देशी भरमार राइफल: 1
  • देशी कट्टा: 1
  • पिस्तौल: 1
  • कारतूस: कुल 92 ज़िंदा कारतूस (9mm के 79 कारतूस तथा 7.62mm के 13 कारतूस)
  • अन्य सामग्री: वॉकी-टॉकी सेट


नक्सलियों द्वारा छिपाए जाने की आशंका, अधिकारियों के नेतृत्व में हुई कार्रवाई 

प्राथमिक जांच के अनुसार ज़मीन के अंदर छिपाकर रखी गई यह घातक सामग्री नक्सलियों द्वारा किसी बड़ी अप्रिय घटना या हमले को अंजाम देने के मकसद से डंप की गई थी। इस सफल सर्च ऑपरेशन का नेतृत्व एसएसबी के उप कमांडेंट रवि भूषण ने किया, जबकि इसमें धनगांई थानाध्यक्ष श्रवण राम और 29वीं वाहिनी SSB धनगांई कैंप के सहायक कमांडेंट सनोज कुमार की भी मुख्य भूमिका रही।


सुरक्षाबल जांच और छापेमारी में जुटे 

इस बड़ी बरामदगी के बाद गया पुलिस और एसएसबी की टीम पूरे इलाके में सघन तलाशी अभियान चला रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह जखीरा किस नक्सली संगठन या गिरोह द्वारा यहाँ छिपाया गया था और इसका मुख्य मकसद क्या था।


मनोज की रिपोर्ट