Bihar Crime: शादी का झांसा देकर डेढ़ लाख से ज्यादा की लूट, मध्य प्रदेश के दो युवकों को गयाजी में बनाया शिकार, केस दर्ज
Bihar Crime:दो युवकों के साथ शादी का झांसा देकर कथित तौर पर 1.70 लाख रुपये, मोबाइल फोन और कोर्ट मैरिज से जुड़े दस्तावेज लूट लेने का मामला सामने आया है।
Gayaji: घूमने आए मध्य प्रदेश के दो युवकों के साथ शादी का झांसा देकर कथित तौर पर 1.70 लाख रुपये, मोबाइल फोन और कोर्ट मैरिज से जुड़े दस्तावेज लूट लेने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर विष्णुपद थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना ने शादी के नाम पर ठगी और सुनियोजित अपराध की आशंका को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस को दिए आवेदन में मध्य प्रदेश के नीमच जिले के जननोद गांव निवासी रामचंद्र ने बताया कि लगभग दो वर्ष पहले उनकी पहचान गया निवासी शिबू नामक व्यक्ति से मंदसौर में हुई थी। 23 जून को वह अपने एक साथी के साथ गया पहुंचे, जहां शिबू ने उनकी शादी कराने का भरोसा दिलाते हुए एक युवती और उसके परिजनों से मुलाकात कराई।
आरोप है कि युवती पक्ष ने आर्थिक सहायता के नाम पर 1 लाख 70 हजार रुपये की मांग की। इसके अलावा युवती के लिए करीब 20 हजार रुपये के कपड़े भी खरीदवाए गए। पीड़ित का कहना है कि अगले दिन कोर्ट मैरिज की प्रक्रिया भी पूरी कराई गई, जिससे उन्हें विश्वास हो गया कि शादी संपन्न हो जाएगी।
शिकायत के अनुसार, इसके बाद उन्हें मंदिर ले जाकर रुपये देने का दबाव बनाया गया। जब वे रेलवे स्टेशन की ओर लौट रहे थे, तभी विष्णुपद थाना क्षेत्र के बाइपास रोड पर कुछ लोगों ने उनका ऑटो रोक लिया। आरोप है कि बदमाशों ने दोनों युवकों के साथ मारपीट की और नकदी, मोबाइल फोन तथा कोर्ट मैरिज से जुड़े दस्तावेज लूटकर फरार हो गए।पीड़ित का आरोप है कि यह पूरी वारदात पहले से रची गई साजिश का हिस्सा थी और शादी का झांसा देकर उन्हें जाल में फंसाया गया। पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और सभी पहलुओं की गहन जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर विधिसम्मत और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट-मनोज कुमार