Bihar News : ठेकेदारी न होती तो मैं यहाँ नहीं होती....जदयू विधायक मनोरमा देवी के बयान पर मंत्री विजय सिन्हा ने किया पलटवार, कहा....
Bihar News : गया में आयोजित Infra Built Expo कार्यक्रम के दौरान बेलागंज विधायक मनोरमा देवी के एक बयान को लेकर मंच पर ही सियासी तकरार की स्थिति बन गई......पढ़िए आगे
GAYAJI : गया में आयोजित 'इंफ्रा बिल्ट एक्सपो' कार्यक्रम के दौरान उस वक्त सियासी हलचल तेज हो गई, जब मंच से दिए गए एक बयान को लेकर जनप्रतिनिधियों के बीच तीखी बयानबाजी देखने को मिली। बेलागंज से जनता दल (यूनाइटेड) की विधायक मनोरमा देवी के एक बयान पर बिहार सरकार के उप मुख्यमंत्री सह कृषि व गया जिले के प्रभारी मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने मंच से ही कड़ा ऐतराज जताया, जिसके बाद माहौल गर्मा गया।
दरअसल, कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक मनोरमा देवी ने अपनी बात रखते हुए कहा, "अगर वे ठेकेदार नहीं होतीं, तो आज मनोरमा देवी नहीं होतीं।" उनके इस बयान ने वहां मौजूद लोगों और प्रशासनिक महकमे का ध्यान खींच लिया। देखते ही देखते मंच पर ही इस बात को लेकर वैचारिक मतभेद खुलकर सामने आ गए।
विधायक के इस बयान पर तुरंत पलटवार करते हुए प्रभारी मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने सार्वजनिक तौर पर नसीहत दे डाली। मंत्री ने कहा कि किसी को विधायक या जनप्रतिनिधि बनने के लिए ठेकेदारी की आवश्यकता नहीं होती है। उन्होंने जोर देकर कहा कि राजनीति और समाज सेवा में पहचान ठेकेदारी से नहीं, बल्कि ईमानदारी, समर्पण और जनसेवा के कर्मों से बनती है।
मंत्री की तीखी टिप्पणी के बाद बैकफुट पर आई विधायक मनोरमा देवी ने अपने बयान पर त्वरित सफाई पेश की। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनके कहने का गलत अर्थ निकाला गया। उनके कहने का आशय केवल यह था कि ठेकेदारी और व्यावसायिक पृष्ठभूमि से जुड़े होने के कारण ही उन्हें समाज में काम करने, संघर्ष करने और अपनी पहचान बनाने का अवसर मिला, न कि वे जनप्रतिनिधि के रूप में ठेकेदारी को अनिवार्य मानती हैं। इस घटनाक्रम के बाद कार्यक्रम स्थल पर कुछ देर के लिए असहज स्थिति बनी रही। फिलहाल, गया से लेकर राजधानी पटना के राजनीतिक गलियारों में इस वाकये की चर्चा जोरों पर है और इसे एनडीए के अंदरूनी तालमेल से जोड़कर देखा जा रहा है।
मनोज की रिपोर्ट