विधायक वीरेंद्र सिंह ने निकाली भव्य तिरंगा यात्रा, देशभक्ति के रंग में रंगा क्षेत्र

विधायक वीरेंद्र सिंह ने निकाली भव्य तिरंगा यात्रा- फोटो : प्रेम

Gayaji : जिले के मानपुर प्रखंड में आम जनमानस के बीच देशभक्ति और राष्ट्रीय चेतना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। वजीरगंज विधायक वीरेंद्र सिंह के नेतृत्व में निकाली गई यह यात्रा मानपुर के प्रसिद्ध कुकरा देवी स्थान से शुरू होकर पदयात्रा के रूप में मानपुर प्रखंड कार्यालय परिसर पहुँची। यात्रा में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, भाजपा कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों का भारी हुजूम उमड़ पड़ा।


हाथों में तिरंगा थामे भारत माता के जयकारों से गूंजा मानपुर

तिरंगा यात्रा के पूरे मार्ग में अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिला। हाथों में लहराता राष्ट्रीय ध्वज 'तिरंगा' और हवा में गूंजते 'भारत माता की जय' व 'वंदे मातरम' के नारों से पूरा मानपुर क्षेत्र देशभक्ति के रंग में रंग गया। यात्रा में मानपुर बीडीओ वेद प्रकाश, सीओ मोनू कुमार, भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रमोद चौधरी, युवा जिलाध्यक्ष अमर शेखर, राणा रणजीत सिंह, देवेंद्र कुमार उर्फ हिप्पी सिंह और साकेत सिंह उर्फ मिठ्ठू सहित कई गणमान्य लोग कदम से कदम मिलाकर चले।


तिरंगा देश की एकता और अखंडता का प्रतीक: विधायक वीरेंद्र सिंह

इस अवसर पर वजीरगंज विधायक वीरेंद्र सिंह ने कहा कि तिरंगा यात्रा जैसे आयोजनों से समाज के प्रत्येक नागरिक के भीतर राष्ट्रप्रेम और समर्पण की भावना जागृत होती है। हमारा राष्ट्रीय ध्वज देश की स्वाधीनता, एकता और अखंडता का अनुपम प्रतीक है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उनके ऐतिहासिक फैसलों और नीतियों से आज पूरे देश में राष्ट्र के प्रति एक नई ऊर्जा का संचार हुआ है।


अधिकारियों ने दिया राष्ट्रीय एकता और भाईचारे का संदेश

कार्यक्रम के दौरान मानपुर प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) वेद प्रकाश ने कहा कि ऐसे प्रशासनिक और सामाजिक आयोजनों का मुख्य उद्देश्य नागरिकों में राष्ट्रीय एकता, सर्वधर्म समभाव और आपसी भाईचारे के संदेश को प्रसारित करना है। समाज के सभी वर्गों की सक्रिय भागीदारी से देश के प्रति सम्मान और नागरिक कर्तव्यों का बोध और अधिक सुदृढ़ होता है।


प्रेम की रिपोर्ट