Bihar News : गया में नारकोटिक्स विभाग का बड़ा एक्शन, भारी मात्रा में संदिग्ध नकली दवाइयां किया बरामद, दवा कारोबारियों में मचा हड़कंप
Bihar News : गया के मुरारपुर मोहल्ले में सेंट्रल ब्यूरो ऑफ़ नारकोटिक्स विभाग की टीम ने छापेमारी कर बड़ी मात्रा में कथित नकली दवाइयां बरामद की हैं। इस कार्रवाई से दवा कारोबारियों में हड़कंप मच गया है.....पढ़िए आगे
GAYAJI : बिहार के गया शहर स्थित मुरारपुर मोहल्ले में सेंट्रल ब्यूरो ऑफ नारकोटिक्स की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में संदिग्ध नकली दवाइयां बरामद की हैं। नारकोटिक्स विभाग के वरिष्ठ अधिकारी सिद्धार्थ श्रीवास्तव के नेतृत्व में गुप्त सूचना के आधार पर यह छापेमारी की गई। अचानक हुई इस कार्रवाई से गया के दवा मंडी और अवैध कारोबार से जुड़े लोगों के बीच हड़कंप का माहौल कायम हो गया है।
जांच अधिकारी सिद्धार्थ श्रीवास्तव ने जानकारी देते हुए बताया कि विभाग को क्षेत्र में अवैध व नकली दवाइयों के नेटवर्क को लेकर लगातार गुप्त सूचनाएं मिल रही थीं। इससे पहले भी टीम द्वारा मानपुर, खजाहांपुर और बजाजा रोड समेत कई संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की जा चुकी है। उन कार्यवाहियों के दौरान भी भारी मात्रा में कथित नकली दवाइयां और एक बेहद महत्वपूर्ण डायरी बरामद की गई थी।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, मानपुर और अन्य ठिकानों से जब्त की गई डायरी में कई स्थानीय डॉक्टरों, मेडिकल स्टोर्स और अस्पतालों के नाम दर्ज हैं। आशंका जताई जा रही है कि इन्हीं स्थानों पर इन अवैध व नकली दवाइयों की बड़ी खेप सप्लाई की जा रही थी। फिलहाल जांच एजेंसियां इस बात की गहनता से पड़ताल कर रही हैं कि यह खतरनाक नेटवर्क कितने समय से सक्रिय था और इसमें कौन-कौन से रसूखदार लोग शामिल हैं।
मामले की प्राथमिक जांच में एक और चौंकाने वाली और गंभीर बात सामने आई है। आशंका जताई जा रही है कि इन कथित नकली दवाइयों का उपयोग मासूम बच्चों के इलाज में भी किया जाना था, जो उनके स्वास्थ्य और जीवन के लिए बेहद घातक साबित हो सकता था। इस खुलासे के बाद स्वास्थ्य महकमे और नारकोटिक्स विभाग ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जांच का दायरा और बढ़ा दिया है।
फिलहाल सेंट्रल ब्यूरो ऑफ नारकोटिक्स विभाग पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने में जुटा हुआ है। जब्त की गई दवाइयों की गुणवत्ता, संरचना और असलियत की वैज्ञानिक पुष्टि के लिए उन्हें फोरेंसिक प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि लैब टेस्ट रिपोर्ट आने और जांच पूरी होने के बाद ही गिरोह के पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश होगा तथा दोषी पाए जाने वाले सभी लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मनोज की रिपोर्ट