Bihar News : गया में एनसीसी कैडेटों ने लॉन्ग रेंज पर किया फायरिंग अभ्यास, कर्नल पंकज कुमार ने बढ़ाया उत्साह
Bihar News : गयाजी में 6 बिहार बटालियन एनसीसी द्वारा आयोजित संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर के दौरान लॉन्ग रेंज पर एनसीसी कैडेटों ने फायरिंग का अभ्यास किया......पढ़िए आगे
GAYAJI : गयाजी स्थित 6 बिहार बटालियन एनसीसी द्वारा आयोजित संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (ATC) के तहत एनसीसी कैडेटों के लिए एक विशेष फायरिंग अभ्यास सत्र का आयोजन किया गया। इस दौरान लॉन्ग रेंज पर पहुंचे कैडेटों ने पूरे अनुशासन, धैर्य और उच्च आत्मविश्वास का परिचय देते हुए अपने सटीक निशानेबाजी कौशल का प्रदर्शन किया।
कमांडिंग ऑफिसर ने दिए सुरक्षा और एकाग्रता के मंत्र
इस विशेष प्रशिक्षण सत्र के दौरान कमांडिंग ऑफिसर कर्नल पंकज कुमार (कीर्ति चक्र) स्वयं फायरिंग रेंज पर उपस्थित रहे। उन्होंने कैडेटों का मनोबल बढ़ाते हुए उन्हें फायरिंग के दौरान सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने, एकाग्रता बनाए रखने और अनुशासन में रहने के महत्वपूर्ण टिप्स दिए।
कैडेटों के व्यक्तित्व निर्माण में सहायक है प्रशिक्षण
मौके पर कैडेटों को संबोधित करते हुए कर्नल पंकज कुमार ने कहा कि फायरिंग प्रशिक्षण केवल निशानेबाजी सीखने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह कैडेटों के भीतर धैर्य, आत्मविश्वास और लक्ष्य केंद्रित करने की क्षमता विकसित करने का एक सशक्त माध्यम है। प्रशिक्षण के दौरान सीखे गए ये व्यावहारिक गुण जीवन भर उनके सर्वांगीण व्यक्तित्व निर्माण में सहायक सिद्ध होते हैं।
युवाओं को देश सेवा के लिए तैयार कर रहा एनसीसी
कर्नल कुमार ने आगे जोर देकर कहा कि एनसीसी युवाओं को न केवल शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बना रहा है, बल्कि उनमें देशभक्ति की भावना भरकर उन्हें राष्ट्र सेवा के लिए तैयार करने में भी अग्रणी भूमिका निभा रहा है। शिविर में शामिल कैडेट कमान अधिकारी के मार्गदर्शन से काफी उत्साहित नजर आए।