Pitru Paksha Mela: पितृपक्ष मेले में सुरक्षा पर कांग्रेस की अपील, बोली- तीर्थयात्रियों के सामान और नकदी की हो सुरक्षा

Pitru Paksha Mela: गयाजी के विश्व प्रसिद्ध पितृपक्ष मेले में देश-विदेश से पहुंच रहे लाखों तीर्थयात्रियों की सुरक्षा, सेवा और सुगम यातायात व्यवस्था को लेकर कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन से अतिरिक्त सतर्कता बरतने की अपील की है।

सुरक्षा की मांग - फोटो : MANOJ

Pitru Paksha Mela: गयाजी के विश्व प्रसिद्ध पितृपक्ष मेले में देश-विदेश से पहुंच रहे लाखों तीर्थयात्रियों की सुरक्षा, सेवा और सुगम यातायात व्यवस्था को लेकर कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन से अतिरिक्त सतर्कता बरतने की अपील की है। बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी के प्रदेश प्रतिनिधि विजय कुमार मिट्ठू समेत पार्टी के कई नेताओं ने कहा कि मेले में तैनात करीब छह हजार पुलिसकर्मी और एनसीसी, स्काउट, एनएसएस सहित विभिन्न स्वयंसेवी संगठनों के हजारों कार्यकर्ता पूरी लगन, मेहनत और ईमानदारी से अपनी जिम्मेदारी निभाएं, ताकि तीर्थयात्रियों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

कांग्रेस नेताओं ने गया शहर में ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन के सामने विशेष सुझाव रखा है। उनका कहना है कि शहर के उत्तरी हिस्से में पंचायती अखाड़ा रेलवे पुल से कंडी तक और दक्षिणी हिस्से में चांदचौरा से केंदुई तक सड़क के बीच पर्याप्त संख्या में ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की जरूरत है। नेताओं के मुताबिक, पितृपक्ष मेले के शुरुआती दिनों में इन दोनों दिशाओं में जाम की स्थिति देखने को मिली, जिसके कारण तीर्थयात्रियों के साथ स्थानीय लोगों को भी आवाजाही में परेशानी हुई और काफी समय बर्बाद हुआ।

नेताओं ने तीर्थयात्रियों के सामान और नकदी की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि सीताकुंड के पास खड़ी एक कार का शीशा तोड़कर कथित तौर पर चोरों ने चार हजार रुपये और महत्वपूर्ण कागजात निकाल लिए। कांग्रेस नेताओं ने ऐसी घटनाओं पर तत्काल अंकुश लगाने और मेला क्षेत्र में पार्किंग स्थलों तथा प्रमुख धार्मिक स्थलों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की।

इसके साथ ही कांग्रेस नेताओं ने उत्तर मानुष वेदी और पिता माहेश्वर के पास तीर्थयात्रियों को धूप से राहत देने के लिए प्रशासन से टेंट लगाने की मांग की। उनका कहना है कि श्रद्धालुओं को खुद बांस और प्लास्टिक खरीदकर छाया का इंतजाम न करना पड़े, इसके लिए प्रशासन को पर्याप्त अस्थायी शेड की व्यवस्था करनी चाहिए।इस मौके पर जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष दामोदर गोस्वामी उर्फ संतोषी पंडा, राम प्रमोद सिंह, बाबूलाल प्रसाद सिंह, टिंकू गिरी, युगल किशोर सिंह, विद्या शर्मा, प्रदीप शर्मा, बीएस पांडे और धीरज कुमार वर्मा समेत अन्य नेता मौजूद रहे।

रिपोर्ट- मनोज कुमार