अवैध खनन और परिवहन पर पुलिस का बड़ा हथौड़ा: 4 ट्रक और 2 ट्रैक्टर जब्त, 3 तस्कर गिरफ्तार

अवैध खनन और परिवहन पर पुलिस का बड़ा हथौड़ा- फोटो : मनोज कुमार

Gyaji : जिले में अवैध खनन और खनन सामग्रियों के गैर-कानूनी परिवहन पर नकेल कसने के लिए पुलिस ने चौतरफा कार्रवाई की है। वरीय पुलिस अधीक्षक, गया के कड़े निर्देश पर बुधवार को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में चलाए गए विशेष छापेमारी अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल हुई है। पुलिस की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से अवैध खनन और बालू-गिट्टी के काले कारोबार में लिप्त माफियाओं में हड़कंप मच गया है।


गुरारू में गिट्टी और स्टोन चिप्स लदे 3 ट्रक जब्त, 3 गिरफ्तार

अभियान के तहत पहली बड़ी कार्रवाई गुरारू थाना क्षेत्र में की गई, जहाँ चोरी-छिपे अवैध रूप से स्टोन चिप्स और गिट्टी के परिवहन की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत छापेमारी कर स्टोन चिप्स से लदे 2 ट्रक और गिट्टी से लदे 1 ट्रक को जब्त कर लिया। इस दौरान पुलिस ने मौके से अवैध परिवहन में संलिप्त 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है।


बेलागंज, बाराचट्टी और मोहनपुर में कोयला व बालू लदे वाहन जब्त

इसके अलावा जिले के अन्य थाना क्षेत्रों में भी पुलिस की छापेमारी जारी रही। बेलागंज थाना पुलिस ने अवैध रूप से कोयले का परिवहन कर रहे 1 ट्रक को जब्त किया। वहीं, बाराचट्टी थाना क्षेत्र में अवैध बालू से लदे 1 ट्रैक्टर और मोहनपुर थाना क्षेत्र में भी अवैध बालू लदे 1 ट्रैक्टर को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस की मुस्तैदी से अवैध सामग्रियों को गंतव्य तक पहुँचाने की योजना पूरी तरह विफल हो गई।


कुल 4 ट्रक और 2 ट्रैक्टर जब्त, पुलिस की कड़ी चेतावनी

इस पूरे विशेष छापेमारी अभियान के दौरान गया पुलिस ने कुल मिलाकर 2 ट्रैक्टर अवैध बालू, 2 ट्रक स्टोन चिप्स, 1 ट्रक गिट्टी और 1 ट्रक अवैध कोयला जब्त किया है। पुलिस ने जब्त सभी वाहनों और सामग्रियों के खिलाफ खनन अधिनियम तथा संबंधित धाराओं के तहत विधि-सम्मत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन के जरिए राजस्व को नुकसान पहुँचाने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।


अवैध खनन व परिवहन के खिलाफ आगे भी जारी रहेगा अभियान

गया पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जिले में अवैध खनन, बालू-गिट्टी और कोयले के गैर-कानूनी भंडारण, उत्खनन और परिवहन के खिलाफ यह अभियान आगे भी अनवरत जारी रहेगा। पुलिस अधिकारियों के अनुसार सभी थाना अध्यक्षों को अपने-अपने इलाकों में कड़ी निगरानी रखने और अवैध खनन में शामिल असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

मनोज की  रिपोर्ट