Bihar News : गयाजी में अवैध बालू खनन पर पुलिस ने कसा शिकंजा, 4 ट्रैक्टर किया जब्त, एक कारोबारी को किया गिरफ्तार

Bihar News : गयाजी में एसएसपी के निर्देश पर चलाए गए विशेष छापेमारी अभियान में पुलिस ने चार अवैध बालू लदे ट्रैक्टरों को जब्त किया है, जबकि एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।

अवैध बालू खनन पर शिकंजा - फोटो : MANOJ

GAYAJI : बिहार के गया जिले में अवैध बालू खनन और उसके गैर-कानूनी परिवहन के खिलाफ पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की है। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए गए एक विशेष छापेमारी अभियान के तहत विभिन्न थाना क्षेत्रों से चार अवैध बालू लदे ट्रैक्टरों को जब्त किया गया है। इस दौरान पुलिस ने बालू के अवैध कारोबार में शामिल एक आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, 20 सितंबर 2026 को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि जिले के कई इलाकों में खनन माफियाओं द्वारा चोरी-छिपे बालू का परिवहन किया जा रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद बहेरा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की और बालू लदे एक ट्रैक्टर को जब्त कर लिया। इस दौरान पुलिस ने मौके से एक अभियुक्त को भी गिरफ्तार किया, जिसके खिलाफ कांड संख्या 165/26 दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

अभियान के तहत जिले के अन्य थाना क्षेत्रों में भी समानांतर कार्रवाई की गई। गुरुआ थाना क्षेत्र में पुलिस टीम ने सघन चेकिंग अभियान चलाकर अवैध बालू से लदे दो ट्रैक्टरों को जब्त किया। वहीं, चन्दौती थाना क्षेत्र में की गई छापेमारी के दौरान भी पुलिस ने अवैध बालू से भरा एक और ट्रैक्टर अपने कब्जे में लिया। इस तरह कुल चार ट्रैक्टरों को पुलिस ने जब्त कर लिया है। इस पूरे मामले में गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान उपेन्द्र कुमार के रूप में हुई है, जो गया जिले के बहेरा थाना अंतर्गत अमरासूत गांव का निवासी बताया जा रहा है। जब्त किए गए सभी वाहनों और गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है तथा खनन अधिनियम के तहत आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

गया पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में प्राकृतिक संसाधनों के अवैध दोहन और बालू के काले कारोबार के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस की इस त्वरित और सख्त कार्रवाई के बाद जिले के खनन माफियाओं और अवैध परिवहन में लिप्त तत्वों के बीच हड़कंप मच गया है।

मनोज की रिपोर्ट