Bihar News:बिहार में मांगों को लेकर सड़क पर उतरे गृह रक्षक, मुख्यालय पर दिया धरना

Bihar News:बिहार में अपनी विभिन्न मांगों को लेकर गृह रक्षकों का आक्रोश सड़क पर देखने को मिला। ...

Bihar News:बिहार में मांगों को लेकर सड़क पर उतरे गृह रक्षक,
सड़क पर उतरे गृह रक्षक- फोटो : reporter

Bihar News:बिहार में अपनी विभिन्न मांगों को लेकर गृह रक्षकों का आक्रोश सोमवार को सड़क पर देखने को मिला। बड़ी संख्या में गृह रक्षक गांधी मैदान के पास जुटे और वहां से जुलूस की शक्ल में छज्जुबाग स्थित बिहार गृह रक्षावाहिनी मुख्यालय पहुंचे। यहां महानिदेशक सह महासमादेष्टा के कार्यालय के सामने सभी गृह रक्षक धरने पर बैठ गए। इस आंदोलन का आह्वान बिहार रक्षावाहिनी स्वयंसेवक संघ की ओर से किया गया है।

संघ के महासचिव सुदेश्वर प्रसाद ने कहा कि गृह रक्षकों की समस्याओं को लेकर कई बार लिखित और मौखिक रूप से अधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि मुख्यालय स्तर पर संघ के प्रतिनिधियों के साथ बैठक तक की तारीख निर्धारित नहीं की गई है। राज्य के अलग-अलग जिलों में गृह रक्षकों की समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं। जरूरत पड़ने पर इस धरने को व्यापक आंदोलन का रूप दिया जाएगा और समस्या का समाधान होने तक संघर्ष जारी रहेगा।

संघ की प्रमुख मांगों में सेवानिवृत्ति लाभ की गणना बहाली की तिथि से करने और पूर्व में पे-रोल या नकद भुगतान की अवधि को भी शामिल करने की मांग प्रमुख है। इसके अलावा सेवानिवृत्त गृह रक्षकों को लाभ देने के लिए निर्धारित नियमों और आदेशों का पालन कराने पर जोर दिया गया है।

गृह रक्षकों ने सितंबर 2019 से हो रही ईपीएफ कटौती की राशि जमा नहीं होने की शिकायत भी उठाई। संघ का आरोप है कि कुछ जिलों में ईपीएफ की राशि संबंधित कंपनी में जमा नहीं की गई, जिससे सेवानिवृत्त और मृत गृह रक्षकों के आश्रितों को बीमा और पेंशन का लाभ मिलने में परेशानी हो रही है।

इसके साथ ही मृत गृह रक्षकों के आश्रितों को अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति देने, लंबित मामलों का जल्द निपटारा करने और प्रतिनियुक्ति व्यवस्था में कथित अनियमितताओं पर रोक लगाने की मांग की गई। जिला कार्यालयों, पुलिस केंद्रों और मैगजीन गार्ड में लंबे समय से प्रतिनियुक्त कर्मियों को हटाने की भी मांग उठी। फिलहाल गृह रक्षकों ने साफ किया है कि मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

रिपोर्ट- अनिल कुमार